समाचार · झारखंड
झारखंड में झमाझम बारिश से 7 डिग्री गिरा पारा, इन 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Weather Updates. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण बीते दो दिनों से लगातार झमाझम बारिश का दौर जारी है. बुधवार को झारखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश हुई. सुबह से ही हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. रांची में 35 मिमी बारिश हुई. बारिश की वजह से जहां शहर में जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, वहीं करम पर्व के दूसरे दिन से ही अच्छी बारिश से किसान काफी खुश हैं. इस बारिश से इस बार अच्छी फसल होने की उम्मीद जतायी गयी है.
रांची में 7 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान
रांची के अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी. बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा. जमशेदपुर में तापमान में 4.7 डिग्री, मेदिनीनगर में 4.1 डिग्री, बोकारो में 4.4 डिग्री और चाईबासा में तीन डिग्री की कमी आयी.
रांची समेत 5 जिलों में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को रांची सहित खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम में भारी से भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है. इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
25 सितंबर को इन जिलों में येलो अलर्ट
इसी प्रकार 25 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और लातेहार में भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है. मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
धीरे-धीरे साफ होगा मौसम
रांची सहित अन्य जिलों में आकाश में बादल छाये रहेंगे और कहीं-कहीं तेज हवा के साथ रुक-रुक कर हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि साइक्लोनिक सर्कुलेशन के आंध्रप्रदेश और दक्षिण ओड़िशा तटों को पार करने की संभावना को देखते हुए रांची सहित कई इलाकों में धीरे-धीरे मौसम साफ होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: पांकी: कृषि उत्पादों को मिलेगा बेहतर बाजार, मसाला और गेहूं प्रोसेसिंग यूनिट लगाने की तैयारी