समाचार · मध्य प्रदेश
ऑनलाइन ठगी का आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार, 1.51 लाख बरामद:मजदूरों के नाम पर सिम लेकर लोगों को लालच देता था, डराकर करता था धोखाधड़ी
शाजापुर जिले की मोहन बड़ोदिया पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में अहमदाबाद से आरोपी संजय फालके को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़ित के 1 लाख 51 हजार रुपए बरामद किए हैं। आरोपी पर गरीब मजदूरों के नाम से सिम लेकर लोगों को फोन पर लालच देने और डराकर ठगी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अपराध क्रमांक 303/26 दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। साइबर हेल्पलाइन 1930 के जरिए ठगी की कुल 2 लाख 11 हजार 55 रुपए की रकम में से 53 हजार रुपए होल्ड कराए गए। शेष रकम की तलाश के लिए संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने की प्रक्रिया की गई और पुलिस टीम गुजरात भेजी गई। अहमदाबाद में पता बदलकर रह रहा था आरोपी पुलिस टीम ने अहमदाबाद से संजय फालके (पिता संपतराव फालके) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पता बदलकर रह रहा था। उसके पास से 98 हजार रुपए नकद और एक एटीएम कार्ड जब्त किया गया। पुलिस ने पीड़ित की कुल 1 लाख 51 हजार रुपए की रकम बरामद करने की जानकारी दी है। मजदूरों के नाम पर सिम लेकर करता था ठगी पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गरीब मजदूरों के नाम से सिम कार्ड लेकर लोगों को फोन करता था। वह लोगों को लालच देकर या डराकर उनसे धोखाधड़ी करता था। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर और एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीषा शर्मा, उप निरीक्षक दिलीप भिलाला, आरक्षक शिवचरण दांगी, शैलेंद्र सिंह गुर्जर, कपिल यादव, घनश्याम राजपूत और साइबर सेल शाजापुर की टीम शामिल रही।