समाचार · मध्य प्रदेश
मुरैना खाद की किल्लत के बीच दुकानदारों की मनमानी:यूरिया-डीएपी के प्रत्येक कट्टे पर 30 रुपए अतिरिक्त वसूलने का आरोप, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
मुरैना जिले में खाद की किल्लत और ऑनलाइन पर्ची की परेशानी से जूझ रहे किसानों को अब निर्धारित कीमत से अधिक राशि चुकानी पड़ रही है। सुमावली कस्बे में एक खाद विक्रेता पर यूरिया और डीएपी के प्रत्येक कट्टे पर 30 रुपए अतिरिक्त वसूलने का आरोप लगा है। किसान ने इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी की है। वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही है। खाद के कट्टे पर 30 रुपए ज्यादा लेने का आरोप सुमावली कस्बे में संचालित सोसाइटी और नेमी चंद्र सगुन चंद्र जैन ट्रेडर्स पर किसानों से यूरिया और डीएपी निर्धारित कीमत से 30 रुपए अधिक लेने का आरोप है। किसान के मुताबिक, खाद खरीदने के दौरान उससे प्रत्येक कट्टे पर अतिरिक्त राशि मांगी गई। इस दौरान किसान ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। किसानों का कहना है कि खाद की जरूरत के बीच उन्हें मजबूरी में निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे देने पड़ रहे हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह किसानों के साथ आर्थिक शोषण का मामला है। ऑनलाइन पर्ची के 50 रुपए भी जुड़ रहे किसानों की परेशानी केवल खाद के अधिक दाम तक सीमित नहीं है। सर्वर डाउन रहने और ई-पर्ची नहीं कटने के कारण उन्हें कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। किसानों के अनुसार, कई बार 8 से 10 दिन में खाद की पर्ची कटने के बाद उन्हें खाद मिल पाती है। इसके बाद यदि प्रति कट्टा 30 रुपए अतिरिक्त देने पड़ें और ऑनलाइन प्रक्रिया के नाम पर 50 रुपए भी जुड़ जाएं, तो खाद की लागत और बढ़ जाती है। किसानों का कहना है कि इस तरह निर्धारित कीमत से अधिक राशि खर्च करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें खाद महंगी पड़ रही है। निर्धारित कीमत से ज्यादा वसूली पर होगी कार्रवाई कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा कि किसान की शिकायत और वीडियो के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में अनियमितता सामने आने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर के अनुसार, स्पष्ट निर्देश हैं कि किसान सरकारी संस्थानों या निजी विक्रेताओं से खाद खरीदें, लेकिन निर्धारित मूल्य से अधिक राशि किसी भी स्थिति में नहीं ली जा सकती। ऐसा करना अनैतिक है। संबंधित संस्थान के मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।