Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बीजेपी सांसद ने भूपेश बघेल को बताया अडानी का पीए-पीआरओ:पूर्व मुख्यमंत्री बोले- सांसद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं, इलाज कराएं, बीएसपी निजीकरण को लेकर बीजेपी-कांग्रेस में जुबानी जंग तेज

INT News24 October 2026 at 01:46 pm

भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भाजपा सांसद के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बीएसपी को अडानी समूह द्वारा खरीदे जाने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद ने भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला और उन्हें अडानी का पीए और पीआरओ तक बता दिया। वहीं, भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए सांसद की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाए और उन्हें इलाज कराने की सलाह दे दी। यह पूरा मामला बीएसपी को बेचने को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच का है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अडानी के संयंत्र के दौरे की आड़ में इसे निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है। जिसके बाद भाजपा नेता और विधायक रिकेश सेन ने इन दावों को पूरी तरह भ्रामक और चुनावी स्टंट बताते हुए प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसके बाद बीएसपी प्रबंधन और इस्पात मंत्रालय की ओर से भी बीएसपी को बेचने की खबरों का खंडन किया गया था। जिसके बाद भूपेश बघेल ने बीएसपी प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा था कि उन्हें किसने खंडन करने का अधिकार दिया है, जबकि यह मामला भारत सरकार का है। सांसद बोले- भूपेश बघेल अडानी के पीए या पीआरओ लगते हैं

भूपेश बघेल के अडानी के बीएसपी का दौरा करने के दावों पर दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा कि अडानी न तो घूमने आ रहे हैं, न खरीदने आ रहे हैं। अडानी क्या करते हैं, कहां जाते हैं, ऐसा लगता है कि भूपेश बघेल को उसकी जानकारी रहती है। मुझे ऐसा प्रतीत होता है कि या तो भूपेश बघेल उनके पीआरओ है, या उनके पीए हैं। क्योंकि उसके बारे में पूरी जानकारी रखने वाला, उसका पीए ही हो सकता है, उसका कोई खास आदमी हो सकता है। भूपेश बोले- सांसद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं, इलाज करवाएं

सांसद के बयानों का पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सांसद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्हें इलाज कराना चाहिए। जिस अडानी को मैंने यहां न कोयला खदान शुरू करने दिया, न लोहा खदान शुरू करने दिया, मुझे उसका पीआरओ बता रहे हैं? शर्म नहीं आती? ये कितनी बचकानी बात है, आप दो-दो बार के सांसद हो। बीएसपी में यहां एक बार भी भर्ती नहीं निकली है भिलाई स्टील प्लांट में, युवक खाली घूम रहे हैं। कर्मचारियों को ठेकेदारी में दिया जा रहा है, शर्म आनी चाहिए उस सांसद को यहां कोई भर्ती नहीं हो रही है। अब जानिए... कहां से शुरू हुआ पूरा विवाद और क्या है पूरा मामला

भूपेश बघेल ने 14 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर अडाणी के संभावित BSP दौरे की जानकारी साझा करते हुए संयंत्र की बिक्री की आशंका जताई थी। इसके बाद संयंत्र के निजीकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। BSP प्रबंधन ने बाद में बिक्री संबंधी खबरों को भ्रामक बताते हुए कर्मचारियों, हितधारकों और आम जनता से अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने की अपील की थी। इसके बाद भूपेश बघेल ने बीएसपी प्रबंधन के खंडन जारी करने को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अडानी की नजर बीएसपी की रेल मिल पर है, अगर अडानी बीएसपी खरीद नहीं रहे तो क्या वे यहां घुमने आ रहे हैं? अब इस पूरे मामले पर बीजेपी सांसद विजय बघेल ने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट न बिकेगा और न ही उसे कोई बेचने वाला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय इस्पात मंत्री के नेतृत्व का हवाला देते हुए कहा कि बीएसपी के विस्तारीकरण को लेकर लगातार काम चल रहा है। इस संबंध में बैठकें हो रही हैं और प्रतिदिन प्रगति की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर लोगों को भ्रमित करने और झूठ को बार-बार बोलकर सच साबित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। सांसद ने भिलाई और दुर्ग के लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों और भ्रामक बयानों पर भरोसा न करें। उन्होंने भिलाई स्टील प्लांट को क्षेत्र की प्रतिष्ठा और शान बताते हुए कहा कि यहां बनने वाली रेल पटरियों का उपयोग दुनिया के कई देशों में हो रहा है।

10 हजार लोगों को नोटिस देने का मामला अलग : सांसद

बीएसपी के नहीं बिकने के दावे के बीच देवेंद्र यादव द्वारा करीब 10 हजार लोगों को आवास खाली करने के नोटिस दिए जाने का मुद्दा उठाए जाने पर सांसद ने इसे अलग विषय बताया। उन्होंने कहा कि रिटेंशन में रह रहे लोगों की समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और ऐसा रास्ता निकालने की कोशिश है, जिससे उन्हें न्यायसंगत अधिकार मिल सकें। सांसद ने कहा कि इस मुद्दे पर अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। बीएसपी की खाली हो रही जमीन का भविष्य में किस तरह उपयोग किया जाए और उसका सदुपयोग कैसे हो, इस पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने की दिशा में वे प्रयासरत हैं और लोगों को इस मामले में चिंता करने की जरूरत नहीं है।