समाचार · हरियाणा
भिवानी जिले में तोशाम विधानसभा अव्वल:लंबित नोटिसों का निपटारा सबसे पहले किया, 35797 नोटिसों का किया गया निपटान
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य) के अंतर्गत 58-तोशाम विधानसभा क्षेत्र में एसडीएम कम पंजीयन अधिकारी संदीप कुमार के देखरेख में लंबित नोटिसों के निपटान का कार्य शुक्रवार को पूरा कर लिया गया। इस कार्य के सफल क्रियान्वयन में एमपीएचडब्लू मोहित, सचिन एवं ईश्वर सहित पूरी टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला में तोशाम विधानसभा क्षेत्र द्वारा हासिल की गई यह उपलब्धि निर्वाचन कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता, बेहतर प्रबंधन और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। निर्वाचन कार्यलय से मिली जानकारी अनुसार तोशाम विधानसभा क्षेत्र में कुल 35,797 नोटिसों से संबंधित कार्य को किया जाना था। इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए तोशाम विधानसभा क्षेत्र ने भिवानी जिले में सबसे पहले लंबित नोटिसों के कार्य को पूर्ण किया है। एसडीएम ने किया प्रेरित
इस कार्य को पूरा करने में एईआरओ, सुपरवाइजर, बीएलओ तथा निर्वाचन कार्य में जुटी पूरी टीम ने मेहनत और आपसी तालमेल के साथ कार्य किया है। इस कार्य को पूरा होने पर एसडीएम संदीप कुमार ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों को समय पर एवं निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करने के लिए प्रेरित किया।