समाचार · पंजाब
मोहाली के फ्लैट में क्रिकेट सट्टेबाजी गिरोह पकड़ा, 6 अरेस्ट:34 मोबाइल, 6 लैपटॉप, 60 ATM कार्ड मिले; स्विफ्ट कार और शराब भी पकड़ी
मोहाली की सदर खरड़ पुलिस ने जे.टी.पी.एल. सिटी, सेक्टर-115, खुनीमाजरा के एक फ्लैट में क्रिकेट सट्टेबाजी/ बुकी का काम करने वाले गिरोह का खुलासा कर छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य उपकरणों के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवाया जा रहा था। मामले में पुलिस ने गैंबलिंग एक्ट, धारा 318(4) बीएनएस तथा एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक एएसआई चमकौर सिंह थाना सदर खरड़ पुलिस पार्टी के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के संबंध में जे.टी.पी.एल. सिटी, लांडरा रोड खरड़ के गेट के पास मौजूद थे। सूचना मिली कि राजस्थान के रहने वाले कुछ व्यक्ति फ्लैट नंबर 566बी में क्रिकेट मैचों पर सट्टेबाजी का काम कर रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि फ्लैट में अलग-अलग मोबाइल फोन, लैपटॉप, एटीएम कार्ड सहित अन्य सामान मौजूद है तथा ग्राहकों के लिए शराब रखकर परोसी जा रही है। पुलिस ने मारा छापा एसएसपी मोहाली वरुण शर्मा के निर्देशों पर, एसपी ग्रामीण जसपिंदर सिंह और डीएसपी खरड़-1 ईशान सिंगला की निगरानी तथा थाना सदर खरड़ के एसएचओ सुनील शर्मा की अगुवाई में एएसआई चमकौर सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ फ्लैट नंबर 566बी में छापा मारा। पुलिस ने मौके से छह लोगों को काबू किया। पुलिस के अनुसार मौके से 34 मोबाइल फोन, विभिन्न कंपनियों के 6 लैपटॉप, करीब 60 एटीएम व क्रेडिट कार्ड, एक स्विफ्ट कार, 4,030 रुपए नकद तथा रॉयल स्टैग की 12 बोतलें बरामद की गईं। शराब की बोतलों पर ‘फॉर सेल चंडीगढ़ ओनली’ लिखा हुआ बताया गया है। आरोपी राजस्थान के रहने वाले आरोपियों की पहचान विजय निवासी रेनवाल, जिला जयपुर ; अनुज शर्मा निवासी ए-15 शास्त्री नगर/श्रीमाधोपुर क्षेत्र, राजस्थान; जितेंद्र सिंह निवासी लोनियां, जिला जयपुर; राहुल निवासी किशनगढ़ रेनवाल, जिला जयपुर; आर्यन कमावत निवासी श्री माधोपुर, जिला सीकर तथा कैलाश चंद वर्मा निवासी कृष्णगढ़ रेनवाल, जिला जयपुर के रूप में हुई है। जिन्हें अदालत में पेश किया गया और 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।