समाचार · हरियाणा
भिवानी की कटड़ी प्रदेश में सबसे सुंदर:प्रतिदिन 10 लीटर दूध व 50 ग्राम तेल पीती है, ढाई माह की उम्र में जीता ईनाम
भिवानी के गांव प्रह्लादगढ़ निवासी पशुपालक पवन कुमार की कटड़ी ने प्रदेश में सबसे सुंदरता का खिताब जीता है। उन्होंने झज्जर के बेरी में शनिवार को राज्य स्तरीय पशु मेले आयोजित मेले में ढाई (2 महीने 15 दिन) की कटड़ी ने भाग लिया। जिसमें गांव पहलादगढ़ निवासी पवन कुमार उर्फ मिंटू (व्यापारी एवं पंच) की कटड़ी ने उत्कृष्ट शारीरिक बनावट और नस्ल के दम पर पूरे हरियाणा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पवन कुमार ने बताया कि उसके पशु पिछले करीब 4 साल से ईनाम जीतते आ रहे हैं। इस कटड़ी की मां भी महम में ईनाम जीतकर आई थी। वहीं इसकी मां 24 किलो दूध देती है। जिसकी 5 लाख 11 हजार रुपए कीमत भी लग चुकी है। उसके पशु आसपास में लगने वाले मेलों में जाते हैं और ईनाम जीतते हैं। वह अपने पशुओं की विशेष देखभाल करते हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी कटड़ी को करीब 10 लीटर दूध प्रतिदिन पिलाते हैं, साथ ही हर रोज करीब 50 ग्राम तेल भी देते हैं। फिलहाल उनके पास 8 पशु हैं। वे खुद 11वीं पास हैं, लेकिन पिछले 30-32 साल से पशुओं का व्यापार करते हैं। वहीं पिता आर्मी से रिटायर्ड हैं। 21 हजार रुपए का ईनाम जीता
विजेता पशुपालक को प्रोत्साहन स्वरूप 21 हजार रुपए की नकद राशि और पशु आहार दिया गया है। इस पर गांव पहलादगढ़ के सरपंच ज्योति एवं सरपंच प्रतिनिधि अधिवक्ता संदीप पाटिल ने विजेता पशुपालक पवन कुमार को शुभकामनाएं दी। सरपंच ज्योति एवं सरपंच प्रतिनिधि अधिवक्ता संदीप पाटिल ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लड्डू बांटे और मुंह मीठा कराया। उन्होंने कहा कि हमारे गांव पहलादगढ़ के लिए यह बेहद गर्व का दिन है। पवन कुमार और उनके परिवार ने अपनी मेहनत और पशुओं के प्रति समर्पण से पूरे हरियाणा में हमारे गांव का मान बढ़ाया है। आज के समय में पशुपालन केवल एक व्यवसाय नहीं रहा, बल्कि यह हमारी ग्रामीण संस्कृति और आर्थिकी का एक मजबूत आधार बन चुका है। ऐसी उपलब्धियां हमारे युवाओं और अन्य पशुपालकों को आधुनिक व वैज्ञानिक तरीके से उन्नत नस्ल के पशु पालने के लिए प्रेरित करती हैं। ग्राम पंचायत ऐसे होनहार और मेहनती किसानों व पशुपालकों के साथ हमेशा खड़ी है। इस जीत पर पंच उषा देवी, विपिन, अनिल कुमार, चंद्रकांत सहित अनेक ग्रामीणों ने खुशी जताई।