समाचार · बिहार
क्या अनंत सिंह पर होगी कार्रवाई? नीरज कुमार बोले- पार्टी इनकी तबीयत खराब करने वाली है

Neeraj Kumar Vs Anant Singh: बिहार विधान परिषद चुनाव की वोटिंग खत्म होते ही पटना स्नातक सीट पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. जेडीयू के प्रत्याशी नीरज कुमार ने अपनी जीत का दावा किया है. साथ ही उन्होंने अपनी ही पार्टी के मोकामा विधायक अनंत सिंह को कार्रवाई की चेतावनी दी है. अनंत सिंह का नाम लिए बिना नीरज ने कहा कि पार्टी इनकी तबीयत खराब करने वाली है. उन्होंने यह भी कहा कि कार्रवाई कब होगी, यह उन्हें नहीं पता. लेकिन ऐसा होना 100 फीसदी तय है.
नीरज कुमार के इस बयान से जेडीयू के भीतर चल रही खींचतान एक बार फिर चर्चा में आ गई है. पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार का मुकाबला जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह से है. अनंत सिंह ने इस चुनाव में पार्टी लाइन से अलग जाकर अनुज सिंह का समर्थन किया था.
नीरज कुमार बोले- कार्यकर्ताओं की जीत तय
जेडीयू एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार ने शनिवार को मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि चुनाव खत्म हो गया है और पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत हुई है. नीरज ने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के संस्कार, उनके जलवे और कार्यकर्ताओं के प्रति स्नेह ने रिकॉर्ड कायम किया है.
उन्होंने चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को कार्यकर्ताओं की मेहनत से जोड़ा. साथ ही संकेत दिया कि नतीजों के बाद पार्टी के भीतर अनुशासन से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई हो सकती है.
'राजनीति का लंपटीकरण हो रहा', नीरज ने साधा निशाना
नीरज कुमार ने अनंत सिंह का नाम लिए बिना राजनीति में अपराधीकरण और लंपटीकरण का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राजनीतिक विमर्श में अपराधियों की पहचान बनना दुर्भाग्यपूर्ण है. उनके मुताबिक, जनता ने इसके खिलाफ बौद्धिक जनादेश दिया है.
नीरज ने संकेत दिया कि इस चुनाव का असर आने वाली राजनीति में भी दिखाई देगा. उनका बयान ऐसे समय आया है, जब पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के भीतर ही मतभेद खुलकर सामने आए हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
अनंत सिंह ने पार्टी लाइन से अलग किया था प्रचार
पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच खींचतान चुनाव के दौरान लगातार चर्चा में रही. अनंत सिंह ने जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध किया. उन्होंने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार भी किया.
अनंत सिंह ने नीरज कुमार को हराने का दावा किया था. उनका यह रुख पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा करने वाला माना जा रहा है. अब नीरज कुमार के ताजा बयान के बाद पार्टी की संभावित कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
अनंत सिंह बोले- पार्टी कार्रवाई करे तो तैयार हूं
नीरज कुमार के विरोध पर अनंत सिंह पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि अगर पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करती है, तो वह इसके लिए तैयार हैं. अनंत सिंह ने यहां तक कहा था कि वह चाहते हैं कि पार्टी उन पर कार्रवाई करे.
इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच विवाद और गहरा गया. अब सबकी नजरें जेडीयू के अगले कदम पर हैं.
27 अक्टूबर को आएगा एमएलसी चुनाव का नतीजा
बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक श्रेणी की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ. पटना स्नातक सीट भी इनमें शामिल है. इन सीटों पर मतगणना 27 अक्टूबर को होगी.
नीरज कुमार इस सीट से मौजूदा एमएलसी हैं. उन्होंने इस बार भी जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ा है. अब नतीजे बताएंगे कि वह अपनी सीट बचा पाते हैं या अनंत सिंह के समर्थन वाले जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह उन्हें चुनौती देने में सफल होते हैं.
Also Read: Analysis: नीरज कुमार vs अनंत सिंह की सियासी जंग से किसका बढ़ेगा दबदबा?