Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · उत्तर प्रदेश

रक्षाबंधन पर सरकार का तोहफा,यूपी में अब इन महिलाओं का कभी नहीं लगेगा बस का किराया

INT News25 August 2026 at 11:14 pm

उत्तर प्रदेश की 60 साल या उससे ज्यादा उम्र की महिलाओं के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. अब ऐसी महिलाओं को रोडवेज की बस में सफर करने के लिए किराया नहीं देना होगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई. खास बात यह है कि यह सुविधा कुछ दिनों या कुछ महीनों के लिए नहीं, बल्कि आजीवन मिलेगी. सरकार का मानना है कि इससे बुजुर्ग महिलाओं को रोजमर्रा के सफर में काफी राहत मिलेगी.

60 साल की उम्र से मिलेगा फायदा

इस योजना का फायदा उत्तर प्रदेश की उन महिलाओं को मिलेगा, जिनकी उम्र 60 साल या उससे ज्यादा है. सरकार ने इसे लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना नाम दिया.

60 साल की उम्र पूरी होने के बाद पात्र महिला रोडवेज बस में बिना किराया दिए सफर कर सकेगी.

सरकार का कहना है कि बुजुर्ग महिलाओं को अक्सर अस्पताल, बैंक, बाजार, रिश्तेदारों या दूसरे जरूरी कामों के लिए घर से बाहर जाना पड़ता है.

ऐसे में हर बार बस का किराया देना उनके लिए अतिरिक्त खर्च बन जाता है. सरकार के इस फैसले से इस खर्चे से उन महिलाओं को राहत मिलेगी.

ये भी पढ़ें: Explainer: TRE-4 में सिंगल एग्जाम से 70वीं BPSC तक, पटना में छात्रों के प्रदर्शन की क्या है वजह?

सरकार हर महीने खर्च करेगी 22.55 करोड़ रुपये

योजना को लागू करने के लिए राज्य सरकार अतिरिक्त पैसा खर्च करेगी. सरकार के मुताबिक, मुफ्त बस यात्रा की वजह से हर महीने करीब 22.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा.

लाभार्थियों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं. मीडिया रिपोर्टों की मानें तो सरकार के इस योजना से करीब एक करोड़ महिलाओं को फायदा होगा.

हालांकि 2011 की जनगणना के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की संख्या 74,38,625 (लगभग 74.4 लाख) है.

स्मार्ट कार्ड से होगी मुफ्त सफर

अब सवाल है कि बस में महिला की पहचान कैसे होगी कि वह इस सुविधा की हकदार है या नहीं?

इसके लिए परिवहन निगम की ओर से पात्र महिलाओं को विशेष स्मार्ट कार्ड देने की तैयारी है. इसी कार्ड के जरिए महिला की पहचान की जाएगी और मुफ्त यात्रा की सुविधा को लागू किया जाएगा.

हालांकि, स्मार्ट कार्ड कैसे बनेगा, इसके लिए कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए होंगे और आवेदन कहां करना होगा, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने आना बाकी है. परिवहन विभाग की तरफ से विस्तृत नियम जारी होने के बाद तस्वीर साफ होगी.

ये भी पढ़ें: Viral Video : 3400 kiss मार्क्स वाली कार पर ₹5500 चालान, क्या भारत में गैरकानूनी है कार सजाना?

किन बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा?

कैबिनेट के फैसले में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की बात कही गई है. लेकिन अलग-अलग बस श्रेणियों को लेकर अभी पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं है.

इसलिए यह मान लेना सही नहीं होगा कि हर तरह की बस में यात्रा अपने आप मुफ्त हो जाएगी.

योजना लागू होने के समय परिवहन निगम की ओर से यह साफ किया जाएगा कि किन बसों और किन सेवाओं में यह सुविधा लागू होगी.

योजना का मकसद बुजुर्ग महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को आसान और सस्ता बनाना है.

सशक्त नारी के संकल्प से जोड़ा गया फैसला

सरकार ने इस फैसले को लोक कल्याण संकल्प-2022 के तहत सशक्त नारी के संकल्प से जोड़ा है. आसान शब्दों में कहें तो सरकार का जोर महिलाओं को ज्यादा सुविधाएं देने और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को थोड़ा आसान बनाने पर है.

बुजुर्ग महिलाओं के लिए यह सुविधा इसलिए भी अहम है क्योंकि कई बार किराये का खर्च उनकी यात्रा को प्रभावित करता है. मुफ्त सफर मिलने से वे जरूरी कामों के लिए बिना किराये की चिंता के बस से आ-जा सकेंगी.

पढ़िए देश दुनिया और बिहार झारखंड की ओरिजिनल खबर