समाचार · हरियाणा
सिरसा में चलती कार में लगी आग:ड्राइवर ने धुएं के बीच कूदकर बचाई जान, फतेहाबाद से लेकर आ रहा था युवक
सिरसा में आज मंगलवार शाम को हिसार रोड पर चलती हुई एक कार में अचानक आग लग गई। किआ गाड़ी के टायर और इंजन सब जलकर राख हो गए। ड्राइवर ने मुश्किल से जान बचाई और धुएं में घुटन के कारण चकरा गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और ड्राइवर से पूछताछ कर आगामी कार्रवाई में जुटी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना बस स्टैंड से करीब 5 किलोमीटर दूरी पर निशुराज होटल से कुछ दूर आगे चौक पर शाम के करीब सवा 7 बजे की है। गाड़ी में अकेला ड्राइवर ही बताया जा रहा है। आसपास के लोगों से पता चला कि ड्राइवर को गाड़ी में आग से पहले अहसास हो गया था। अंदर की ओर धुआं उठने लगा था और घुटन से ड्राइवर बाहर आ गया। इसके बाद गाड़ी में धीरे-धीरे आग भड़क गई और तेज हो गई। ड्राइवर को बाहर देख रोड से गुजरने वाले वाहन चालक रुक गए। कुछ समय के लिए ट्रैफिक की दिक्कत भी रही। गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी का बोनट मुड़ा हुआ था रोड से गुजरने वाले राहगीरों ने बताया कि गाड़ी का बोनट मुड़ा हुआ है और गाड़ी काफी जल गई है। आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। ये जांच का विषय है कि गाड़ी में आग कैसे लगी और लगाई गई या लगी। बाकी पुलिस कार्रवाई कर बीमा कंपनी जांच करेगी। ड्राइवर बोला-फतेहाबाद से आ रहा था गाड़ी के ड्राइवर तरण कुमार के अनुसार, वह किआ गाड़ी से फतेहाबाद से सिरसा की ओर आ रहा था। गाड़ी में धुआं उठने का पता चला तो उसने गाड़ी रोक ली और नीचे उतर गया। इसके बाद आग भड़क गई। उसने फायर ब्रिगेड की गाड़ी को फोन किया तो करीब 40 मिनट बाद पहुंची। तब तक कार जलकर राख हो गई।