समाचार · हरियाणा
राष्ट्रीय खेल दिवस पर PM करेंगे युवाओं से संवाद:रोहतक में 27 अगस्त को 4 स्थानों पर कार्यक्रम, खिलाड़ियों की जानेंगे समस्या
रोहतक में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत के तत्वावधान में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को पंडित भगवद दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (PGIMS) व भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में किया जाएगा। साथ ही पंडित नेकी राम शर्मा गवर्नमेंट कॉलेज व आईसी कॉलेज में भी कार्यक्रम होगा। जिला युवा अधिकारी परम राठी ने बताया कि संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं से जुड़कर संवाद करेंगे। खेलो इंडिया संवाद के अंतर्गत युवाओं को स्थानीय खिलाड़ियों एवं खेल प्रतिभाओं के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान युवा खिलाड़ियों के अनुभव, खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों व देश में पिछले वर्षों में विकसित हुए खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी। युवाओं को खेल, युवा नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना उद्देश्य
जिला युवा अधिकारी परम राठी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल, युवा नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। युवा संवाद के दौरान वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए खेल प्रतिभाओं को तैयार करने, युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने व विकसित भारत के लिए युवाओं को सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं के विचार एवं सुझाव लिए जाएंगे। सुझाव पेटी के माध्यम से ऑनलाइन विचार करें साझा
परम राठी ने बताया कि युवा अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं मेरा युवा भारत पोर्टल पर उपलब्ध सुझाव पेटिका के माध्यम से ऑनलाइन साझा कर सकते हैं। युवाओं के सुझावों को कार्यक्रम के उद्देश्यों से जोड़ते हुए उनकी सहभागिता को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को विकसित भारत यूथ लीडरशिप डेवलपमेंट प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।