समाचार · हरियाणा
फरीदाबाद में करंट लगने से टेंट कर्मी की मौत:संकीर्तन में लाइट ठीक कर रहा था; यूपी का रहने वाला
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित आदर्श नगर थाना क्षेत्र की चौधरी कॉलोनी में सोमवार रात भजन-कीर्तन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम में टेंट लगाने का काम करने वाले करीब 40 वर्षीय परविंद्र की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और भजन-कीर्तन का माहौल मातम में बदल गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात चौधरी कॉलोनी के मलेरना रोड पर भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा था। परविंद्र भी टेंट लगाने के काम के सिलसिले में वहां मौजूद था। कार्यक्रम के दौरान लाइट में कुछ खराबी आ गई। इसे ठीक करने के लिए परविंद्र सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि उस समय उसने चप्पल या जूते नहीं पहन रखे थे। लाइट ठीक करने के दौरान अचानक उसे तेज करंट लग गया। पुलिस ने अस्पताल भिजवाया शव करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा होते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उत्तर प्रदेश का रहने वाला मृतक की पहचान परविंद्र के रूप में हुई है। वह आदर्श नगर में छज्जू राम रोड स्थित स्कूल के पीछे कालू चक्की वाली गली में रहता था। वह मूल रूप से गांव मोदी कटरा, जिला आगरा उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। परविंद्र टेंट लगाने का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस तरह हुआ और बिजली की लाइन या लाइट की व्यवस्था में कोई लापरवाही थी या नहीं, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।