Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

बहन-बेटियों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं, धर्म परिवर्तन के दबाव का विरोध : शशिभूषण मेहता

INT News25 August 2026 at 10:28 pm

मेदिनीनगर से राकेश पाठक की रिपोर्ट

मेदिनीनगर: नीलांबर-पीतांबरपुर. पांकी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुशवाहा डॉ. शशिभूषण मेहता ने कहा है कि क्षेत्र में बहन-बेटियों पर अत्याचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने कहा कि शरीयत को संविधान से ऊपर मानने और जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की कोशिशों का लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा विरोध किया जायेगा. वे मंगलवार को हरसईन मोड़ स्थित मौर्य फार्म हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे.

सभी समुदायों की बेटियां बराबर : विधायक

विधायक ने कहा कि चुनाव लड़ चुके कुछ नेता और दौड़ में शामिल छुटभैये लोग सकलदीपा मामले में उनके बयान पर सवाल उठा रहे हैं. उन्हें पता होना चाहिए कि उनके लिए हिंदू, आदिवासी और मुस्लिम सभी समुदायों की बेटियां एक बराबर हैं.

आदिवासी युवती के मामले की आयोग को दी जानकारी

इसी क्रम में विधायक ने क्षेत्र की एक आदिवासी युवती से जुड़े मामले पर गहरी चिंता जतायी. उन्होंने बताया कि युवती पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और धमकी देने की बात सामने आयी है. इस गंभीर मामले की जानकारी अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा को दे दी गयी है. वे जल्द ही राज्य के मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें पूरी वस्तुस्थिति से अवगत करायेंगे.

मुस्लिम महिला के मामले का दिया उदाहरण

अपने निष्पक्ष रुख को स्पष्ट करने के लिए विधायक ने वर्ष 2021-22 में मनातू प्रखंड के रहेया में एक मुस्लिम महिला के साथ हुए अत्याचार के मामले का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि पांकी की जनता गवाह है कि उन्होंने पीड़िता का धर्म देखे बिना प्राथमिकी दर्ज करायी थी और तीन आरोपियों को जेल भिजवाकर न्याय दिलाया था.

सकलदीपा मामले में उचित जांच की बात

सकलदीपा में एक मुस्लिम युवती के हिंदू युवक के साथ जाने के मामले पर विधायक ने कहा कि शुरुआती तौर पर यह प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है. इसके बावजूद यदि परिजनों के पास कोई अन्य तथ्य है, तो वे सीधे उनसे संपर्क करें. प्रशासन के सहयोग से उचित जांच और न्याय सुनिश्चित कराया जायेगा.