समाचार · उत्तर प्रदेश
गोरखपुर से गुजरात-हैदराबाद का सफर होगा आसान, 130 की रफ्तार से दौड़ेंगी अमृत भारत ट्रेनें, जानें रूट और तारीख

Gorakhpur Railway News: गोरखपुर होकर गुजरात के गांधीधाम तक जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. रेलवे बोर्ड ने भागलपुर से वाराणसी होते हुए गांधीधाम तक चल रही स्पेशल ट्रेन को जल्द ही नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस में बदलने की सहमति दे दी है. अमृत भारत के रूप में संचालन शुरू होने के बाद यह ट्रेन वाराणसी के बजाय गोरखपुर होकर गांधीधाम तक जाएगी. इससे गोरखपुर और आसपास के यात्रियों को गुजरात के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी.
22 कोच की होगी ट्रेन, 1600 से अधिक यात्रियों को फायदा
गोरखपुर होते हुए गांधीधाम तक चलने वाली इस अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे. इससे एक बार में 1600 से अधिक यात्री गांधीधाम और भागलपुर के बीच सफर कर सकेंगे. फिलहाल गोरखपुर से गुजरात के लिए महज एक सीधी ट्रेन संचालित होती है. नई अमृत भारत के शुरू होने से इस रूट पर यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. रेलवे बोर्ड पहले ही गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई (बांद्रा) के लिए अमृत भारत ट्रेनों को मंजूरी दे चुका है. इसके अलावा बिहार से चलकर गोरखपुर के रास्ते चार अमृत भारत ट्रेनों का संचालन फिलहाल हो रहा है. भविष्य में बोर्ड 24 और अमृत भारत ट्रेनें शुरू करने की तैयारी में है, जिनमें से तीन लखनऊ के रास्ते चलेंगी.
चर्लपल्ली के लिए अमृत भारत की तारीख भी तय
गोरखपुर से चर्लपल्ली (हैदराबाद) के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन की तारीख भी तय हो गई है. पूर्वोत्तर रेलवे ने बोर्ड के निर्देश के बाद इसकी अधिसूचना जारी कर दी है. सीपीआरओ सुमित कुमार के अनुसार 22075/22076 चर्लपल्ली-गोरखपुर-चर्लपल्ली अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन किया जाएगा. 22075 चर्लपल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस 2 अक्टूबर से प्रत्येक शुक्रवार को रात 9:45 बजे चर्लपल्ली से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. वापसी में 22076 गोरखपुर-चर्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस 4 अक्टूबर से प्रत्येक रविवार को सुबह 8:30 बजे गोरखपुर से रवाना होकर दूसरे दिन शाम 5 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी.
130 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन, मिलेंगी ये सुविधाएं
चर्लपल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. 22 कोच वाली इस ट्रेन में यात्रियों के लिए वैक्यूम बायो टॉयलेट और आरामदायक सीटों समेत कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी. बिना एसी वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को आम यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. साथ ही टॉक-बैक सिस्टम के जरिए यात्री आपात स्थिति में सीधे लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर से संपर्क कर सकेंगे.
Must Read- 'शरीर तुम्हारा, आत्मा मेरी...' मथुरा में शादी के वक्त आशिक का ड्रामा, विदाई का माहौल बना युद्ध का मैदान