Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

वन नेशन-वन इलेक्शन का संकल्प, शिवराज बोले- बार-बार चुनाव देश के विकास में बाधक

INT News24 August 2026 at 07:13 am

प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में आयोजित संत समागम में एक राष्ट्र-एक चुनाव को लेकर संवाद हुआ। इस दौरान संतों ने कहा कि हरिद्वार से शुरू हुए सभी आंदोलन सफल रहे हैं। इसी तरह इस समागम में साधु संतों ने जो अलख जगायी है वह भी अवश्य सफल होगी। नया अखाड़ा के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन को लेकर साधु संत एकजुट हैं और इसका समर्थन भी करते हैं। निश्चित रूप से जल्द ही एक राष्ट्र एक चुनाव का संकल्प भी पूर्ण होगा।महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश महाराज ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन इस देश की आवश्यकता है। देश में बार-बार हो रहे चुनान से जनता के टैक्स का पैसा खर्च होता है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक राष्ट्र, एक चुनाव अभियान देशहित में है। इससे देश के विकास को गति मिलेगी। हम सभी मिलकर प्रधानमंत्री के इस संकल्प को पूरा करेंगे। रविवार को हरिद्वार के अवधूत मंडल आश्रम परिसर में संत समागम में आयोजित संवाद में धामी ने ये बातें कहीं। इस दौरान संत समाज ने भी मोदी के अभियान को समर्थन देते हुए इसे जरूरी बताया।कांग्रेस पर निशानाकांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस ने 1937 में अपने अधिवेशन में मुस्लिम लीग के दबाव में वंदे मातरम् को बांटने का काम किया था। आज भी कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। वंदे मातरम् को गाकर वीर शहीदों ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी थी। हजारों आंदोलनकारी शहीद हो गए थे लेकिन कांग्रेस आज वंदे मातरम् का अपमान कर रही है। इसे लेकर देवभूमि उत्तराखंड और पूरे देश में रोष है।बार-बार चुनाव राष्ट्र की उन्नति में बाधक : शिवराजकार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव होना चाहिए। बार-बार चुनाव होना राष्ट्र की उन्नति में बाधक है। इससे देश में विकास के काम रुक जाते हैं, धन का अपव्यय होता है। जातिवाद भाषावाद को बल मिलता है। बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है। प्रशासन भी चुनाव की तैयारी में जुटा रहता है। इन सभी समस्याओं का समाधान केवल एक राष्ट्र और एक चुनाव ही है।साधु-संत जनता तक पहुंचाएंगे संदेशकेंद्रीय मंत्री शिवराज ने कहा कि एक राष्ट्र और एक चुनाव अभियान को सभी साधु संतों ने समर्थन दिया है। साधु संत, जनता तक इस निर्णय और संदेश को पहुंचाएंगे। आज हरिद्वार से देश के साधु संतों ने संकल्प कर लिया है कि मोदी के एक राष्ट्र एक चुनाव के संकल्प को पूरा करना है और निश्चित रूप से जल्द ही वह दिन आने वाला है जब देश की संसद एक राष्ट्र एक चुनाव को तय करेगी।संवाद में वंदे मातरम भी बना चर्चा का विषयशिवराज सिंह चौहान ने वंदे मातरम के पूरे स्वरूप का समर्थन करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। यह किसी राजनीतिक दल या समुदाय का विषय नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की एकता को मजबूत करने के लिए संत समाज अपने प्रवचनों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रभावना पैदा करे।प्रवचन से नहीं चलेगा कामसंत समागम कार्यक्रम में मौजूद बाबा हठयोगी ने कहा कि संगठन से सत्ता है, सत्ता से संगठन मजबूत नहीं होता। उन्होंने कहा कि यदि सत्ता से संगठन मजबूत होता तो आज कांग्रेस की ऐसी दुर्गति नहीं होती। उन्होंने कहा, प्रवचन करने से बात नहीं बनने वाली। वन नेशन वन इलेक्शन मुहिम चलानी होगी। जिससे अधिक से अधिक लोगों को जोड़ सकें और इस विचार धारा के लोगों को अधिक से अधिक संख्या में संसद और विधान सभा में भेज सकें। तभी इस बिल को सर्वसम्मति से पास कराकर लागू कराया जा सकेगा।