समाचार · बिहार
अनंत सिंह पर कार्रवाई के बाद बाढ़ में JDU संगठन भंग, जिलाध्यक्ष मयंक राज भी हटाये गये

JDU Barh Unit Dissolved: मोकामा विधायक अनंत सिंह को जनता दल यूनाइटेड (JDU) से निष्कासित किए जाने के बाद पार्टी ने बाढ़ संगठनात्मक जिले में भी बड़ा बदलाव किया है. पार्टी ने बाढ़ की पूरी जिला इकाई को भंग कर दिया है. साथ ही जिलाध्यक्ष मयंक राज को भी पद से हटा दिया गया है. अब इस क्षेत्र में संगठन को नए सिरे से तैयार करने के लिए नियुक्तियां की जाएंगी.
बाढ़ और मोकामा क्षेत्र में अनंत सिंह का राजनीतिक प्रभाव माना जाता है. ऐसे में संगठनात्मक इकाई को भंग करने के फैसले को पार्टी के भीतर हालिया अनुशासनात्मक कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है. मयंक राज को केंद्रीय मंत्री और JDU के वरिष्ठ नेता ललन सिंह का करीबी माना जाता है.
अनंत सिंह के निष्कासन के बाद संगठन में भी कार्रवाई
JDU ने 24 अक्टूबर को अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था. पार्टी ने अनंत सिंह पर निर्देशों की अनदेखी करने और बिहार विधान परिषद चुनाव में JDU प्रत्याशी नीरज कुमार के विरोध में जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन करने का आरोप लगाया था. पार्टी ने उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा भी विधानसभा अध्यक्ष से की है.
अब बाढ़ संगठनात्मक जिले की पूरी इकाई भंग किए जाने के बाद पार्टी में उन नेताओं और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी चर्चा हो रही है, जो विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह के साथ जन सुराज प्रत्याशी के प्रचार में शामिल हुए थे. पार्टी इस क्षेत्र में संगठनात्मक ढांचे को नए सिरे से व्यवस्थित करने की तैयारी में है.
बाढ़ इकाई भंग करने पर क्या बोले JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता
बाढ़ की संगठनात्मक कमेटी भंग किए जाने के मामले में JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने से बातचीत में कहा कि यह प्रक्रिया के तहत की गई कार्रवाई है. उन्होंने कहा कि उस क्षेत्र के कई नेता भी इसमें शामिल थे.
पार्टी के इस फैसले के बाद बाढ़ क्षेत्र में संगठन की नई टीम गठित किए जाने की संभावना है. नई नियुक्तियों के जरिए पार्टी क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक व्यवस्था को फिर से तैयार करेगी.
Also Read: अनंत सिंह को JDU ने पार्टी से 6 साल के लिए निकाला, विधानसभा सदस्यता रद्द करने की भी सिफारिश