समाचार · झारखंड
अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत की जांच के लिए एसआइटी गठित, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हजारीबाग: झारखंड हाइकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मामले की जांच के लिए एसआइटी का गठन किया गया है. डीएसपी रूपक सिंह ने बताया कि अनुष्का की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है. पुलिस ने उनका शव बरामद किया है. परिजनों के आवेदन पर सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है.
डीएसपी ने कहा कि पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही हैं. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही जांच के परिणाम सामने आयेंगे. डीएसपी ने यह भी कहा कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ जांच में लापरवाही या अन्य किसी तरह की शिकायत मिलती है, तो उसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी.
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. डीएसपी ने बताया कि अपार्टमेंट में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे. हालांकि, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और उन्हें एकत्र कर रही है.