Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

बल्लभगढ़ में पुलिस चौकी के सामने 3 दुकानों में चोरी:ताले तोड़कर अंदर घुसे चोर; कैश और CCTV-DVR उठाकर फरार

INT News25 August 2026 at 06:56 pm

फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में पुलिस चौकी के सामने तीन दुकानों में हुई चोरी से दुकानदारों में चिंता का माहौल है। चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाया। इनमें एक मुकुट की दुकान और दो कपड़ों की दुकान शामिल हैं। चोर दुकानों से नकदी के साथ-साथ CCTV कैमरों के DVR भी चोरी करके ले गए। घटना की जानकारी दुकानदारों को सुबह दुकान खोलने के बाद हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। अग्रसेन पुलिस चौकी के सामने दुकान आर्यन मुकुट की दुकान के मालिक विशाल गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान अग्रसेन पुलिस चौकी के बिल्कुल सामने है। इसके बावजूद चोर दुकान के अंदर घुस गए। चोर दुकान से करीब 20 हजार रुपये की नकदी और CCTV कैमरों का DVR चोरी करके ले गए। विशाल गुप्ता के अनुसार, चोर पीछे की तरफ एडजेस्ट फैन लगाने के लिए बनी खिड़की के रास्ते दुकान में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखी नकदी और CCTV से जुड़ा सामान चोरी कर लिया। 10 हजार कैश और CCTV कैमरे चोरी इसके बाद चोरों ने पास में स्थित क्वालिटी यूनिफॉर्म नाम की कपड़ों की दुकान को निशाना बनाया। यहां से चोर करीब 10 हजार रुपए की नकदी और CCTV कैमरे चोरी करके ले गए। वहीं तीसरी दुकान सचिन गारमेंट्स में भी चोरों ने सेंध लगाई। इस दुकान से चोर करीब दो हजार रुपए की नकदी चोरी करके फरार हो गए। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े दुकानदार विशाल गुप्ता ने बताया कि उन्होंने रात करीब 10 बजे दुकान बंद की थी। दुकान बंद करने के बाद उन्होंने सभी तालों को अच्छी तरह से चेक किया और घर चले गए थे। सुबह दुकान पर पहुंचने के बाद चोरी की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि तीनों दुकानें पुलिस चौकी के सामने हैं। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। दुकानदारों का कहना है कि पुलिस रात में गश्त भी करती है, लेकिन इसके बाद भी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।