समाचार · हरियाणा
समालखा में देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस समेत युवक गिरफ्तार:यमुना नदी के किनारे घूम रहा था; यूपी से 5 हजार में खरीदा हथियार
पानीपत जिले की समालखा सीआईए वन पुलिस टीम ने यमुना नदी के कच्चे बांध के पास से एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भिवानी के बढेसरा गांव निवासी सागर के रूप में हुई है। सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि सोमवार शाम को उनकी टीम सनौली टोल टैक्स के पास गश्त कर रही थी। तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि यमुना नदी के कच्चे बांध के पास एक संदिग्ध युवक घूम रहा है, जिसके पास अवैध हथियार होने की संभावना है। लोअर की जेब से पिस्तौल बरामद सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सागर पुत्र सुरेश, निवासी बढेसरा, भिवानी बताई। तलाशी लेने पर उसकी पहनी हुई लोअर की जेब से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर जांच करने पर उसमें एक जिंदा कारतूस भी मिला। आरोपी को हथियार रखने का शौक इंस्पेक्टर वीरेंद्र के अनुसार, पूछताछ में आरोपी सागर ने पुलिस को बताया कि उसे अवैध हथियार रखने का शौक है। इसी शौक के चलते उसने करीब दो महीने पहले उत्तर प्रदेश के शामली में एक अज्ञात युवक से यह देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस 5 हजार रुपए में खरीदा था। आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज आरोपी ने बताया कि वह दोस्तों के बीच रौब दिखाने के लिए इस अवैध देसी पिस्तौल को अपने साथ लेकर चलता था। सागर के खिलाफ थाना सनौली में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार को पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।