समाचार · हरियाणा
फरीदाबाद में एक लाख रिश्वत लेता ETO गिरफ्तार:ट्रक छोड़ने के मांगे 10 लाख, 4 लाख में सौदा; ड्राइवर को भी पकड़ा
फरीदाबाद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने ETO सुरेंद्र पूनिया को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, ETO सुरेंद्र पूनिया पर स्क्रैप से भरे ट्रक को छोड़ने की एवज में एक लाख रुपए की मांग की थी। इस संबंध में शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी गई थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच शुरू की और ट्रैप की योजना बनाई। ACB की टीम ने शिकायतकर्ता के साथ मिलकर ट्रैप की कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान उसके ड्राइवर को भी हिरासत में लिया गया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद किए जाने की बात सामने आई है। स्क्रैप से भरी गाड़ी पकड़ी शिकायतकर्ता ने बताया कि वह दिल्ली की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में नौकरी करता है। उसकी जिम्मेदारी कंपनी की गाड़ियों की देखभाल और रूट पास करवाने की है। 10 अगस्त को सुरेंद्र पूनिया ने लखनऊ से आ रही स्क्रैप से भरी कंपनी की गाड़ी को फरीदाबाद में पकड़ लिया था। 10 लाख की पेनल्टी बताकर 4 लाख में छोड़ने का सौदा शिकायतकर्ता के अनुसार, वह उसी रात ETO सुरेंद्र पूनिया से मिला। आरोप है कि अधिकारी ने गाड़ी पर 10 लाख रुपए की पेनल्टी बनने की बात कही और 4 लाख रुपए में गाड़ी छोड़ने का सौदा किया। इसके बाद 14 अगस्त को सेक्टर-11 स्थित पीजी में मुलाकात हुई। दो लाख पहले और दो लाख बाद में देने को कहा शिकायत के मुताबिक, सुरेंद्र पूनिया ने दो लाख रुपए 15 अगस्त के बाद देने और बाकी दो लाख रुपए दो-चार दिन बाद देने को कहा। साथ ही भरोसा दिया कि इसके बाद कंपनी की गाड़ी नहीं रोकी जाएगी। इस दौरान अधिकारी का ड्राइवर राम बाबू भी उसके साथ मौजूद रहता था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की बातचीत की रिकॉर्डिंग भी एसीबी को उपलब्ध कराई। एक लाख रुपए लेते ड्राइवर गिरफ्तार शिकायत मिलने के बाद एसीबी फरीदाबाद की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। शिकायतकर्ता एक लाख रुपए रिश्वत की रकम लेकर आरोपी अधिकारी के कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि वहां मौजूद ड्राइवर राम बाबू ने अधिकारी की ओर से एक लाख रुपए लिए। एसीबी टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया और रकम बरामद कर ली। दोनों आरोपियों पर मामला दर्ज एसीबी ने मामले में सुरेंद्र पूनिया और राम बाबू को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में 25 अगस्त को एफआईआर नंबर 19 दर्ज की गई है। पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच अभी जारी है। आरोपी से पूछताछ में जुटी टीम गिरफ्तारी के बाद ACB अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिश्वत की मांग किन परिस्थितियों में की गई थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामले में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की फरीदाबाद रेंज की कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।