Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

ताजमहल घूमने जा रहे हैं तो हो जाए सावधान, आगरा में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क,पर्यटकों की होगी स्क्रीनिंग

INT News25 August 2026 at 01:38 pm

Agra Swine Flu Alert : दिल्ली में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए आगरा स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है. देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों के आगरा पहुंचने को देखते हुए ताजमहल और फतेहपुर सीकरी की डिस्पेंसरी में संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, इलाज के लिए टेमीफ्लू दवाओं का स्टॉक बढ़ाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है.

ताजमहल और फतेहपुर सीकरी में विशेष निगरानी

स्वास्थ्य विभाग ने ताजमहल और फतेहपुर सीकरी स्थित डिस्पेंसरी के कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. यहां किसी पर्यटक में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर उसकी स्क्रीनिंग की जाएगी. स्वास्थ्य विभाग का फोकस खास तौर पर उन पर्यटकों पर है, जिनमें बुखार, खांसी, गले में खराश या फ्लू जैसे लक्षण नजर आते हैं.

टेमीफ्लू की 2000 टैबलेट की मांग

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने इसे सामान्य इन्फ्लुएंजा बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है. उन्होंने बताया कि फिलहाल विभाग के पास टेमीफ्लू के 222 सिरप उपलब्ध हैं. इसके अलावा 2000 टैबलेट की मांग शासन को भेजी गई है, जो एक-दो दिन में मिलने की उम्मीद है.

एसएन मेडिकल कॉलेज में जांच और आइसोलेशन की सुविधा

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक स्वाइन फ्लू की जांच के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब में सुविधा उपलब्ध है. संदिग्ध मरीजों की जांच कराकर बीमारी की पुष्टि की जा सकती है. इसके अलावा मरीजों को जरूरत पड़ने पर अलग रखने के लिए आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किया गया है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

निजी लैब को भी दिए गए निर्देश

स्वास्थ्य विभाग ने निजी लैब संचालकों को भी नोटिस जारी किए हैं. स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने पर संबंधित मरीज की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. इससे मरीजों की निगरानी करने और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे.

रैपिड रिस्पांस टीम भी तैयार

स्वाइन फ्लू के किसी मामले की पुष्टि होने पर तत्काल कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया है. इस टीम की जिम्मेदारी डॉ. नंदन सिंह को दी गई है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संदिग्ध या पॉजिटिव मरीज मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेगी और आवश्यक कदम उठाएगी.

स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए संपर्क नंबर

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू से संबंधित कोई संदिग्ध मामला सामने आने पर तत्काल विभाग को जानकारी दें. इसके लिए 9458569043 और 0562-2600412 नंबर पर सूचना दी जा सकती है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर घबराने के बजाय समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह लें.

Also Read : मेरठ में दारोगा ने चौकी में मनाया जन्मदिन, अपराधी की मौजूदगी में काटा केक, VIDEO वायरल