Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पानीपत में गांजे से भरे कट्टे समेत दो महिला गिरफ्तार:5.894 किलो नशीला पदार्थ बरामद; 5 दिन कl रिमांड

INT News25 August 2026 at 06:02 pm

पानीपत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। सीआईए थ्री पुलिस ने सनौली रोड पर नाम चर्चा घर के पास से 5 किलो 894 ग्राम गांजा के साथ इन महिलाओं को पकड़ा। आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर (यूपी) निवासी रुकसाना और मंगोलपुरी (दिल्ली) निवासी रानी के रूप में हुई है। सीआईए थ्री के सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि सोमवार को उनकी टीम छाजपुर गांव के अड्डे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दो महिलाएं, जो यूपी और दिल्ली की रहने वाली हैं, अवैध रूप से नशा बेचती हैं। सूचना के अनुसार, दोनों महिलाएं एक प्लास्टिक के कट्टे में मादक पदार्थ लेकर सनौली रोड पर नाम चर्चा घर के पास खड़ी थीं। पुलिस टीम ने महिला सिपाही अंकित को साथ लेकर मौके पर दबिश दी और दोनों महिलाओं को प्लास्टिक के कट्टे सहित काबू कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान रुकसाना (बुढाना, मुजफ्फरनगर, यूपी) और रानी (अमन विहार कॉलोनी, मंगोलपुरी, दिल्ली) के रूप में बताई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ योगिंद्र मान की मौजूदगी में कट्टे की तलाशी ली गई, जिसमें 5 किलो 894 ग्राम गांजा बरामद हुआ। सब इंस्पेक्टर सुभाष के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी महिलाओं ने बताया कि वे लगभग सात-आठ दिन पहले बिहार के पटना से 7 किलो गांजा कम कीमत पर खरीदकर लाई थीं। उन्होंने कुछ गांजा दिल्ली में अज्ञात नशा करने वालों को बेच दिया था। शेष गांजा वे सोमवार को पानीपत और आसपास के क्षेत्रों में बेचने के लिए आई थीं। थाना सनौली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मंगलवार को दोनों आरोपी महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस उनसे गहनता से पूछताछ करेगी और नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास करेगी।