समाचार · हरियाणा
कालका के हंडिया मोहल्ले में तेज बहाव से फंसी JCB:पहाड़ों में बारिश का असर, नाले में अचानक बढ़ा पानी; बाल-बाल बचे कर्मचारी
पंचकूला जिले के कालका शहर के वार्ड नंबर 3 स्थित हंडिया मोहल्ले में ड्रेनेज और सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य के दौरान अचानक तेज बहाव का पानी आ गया। इस दौरान मौके पर काम कर रही एक जेसीबी मशीन पानी के तेज बहाव में फंस गई। हालांकि, इस घटना में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हंडिया मोहल्ले में नालों के सुधारीकरण और सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य प्रगति पर था। इसी बीच ऊपरी पहाड़ी इलाकों से अचानक भारी मात्रा में पानी आ गया। जलस्तर में अचानक वृद्धि का कारण पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश को बताया जा रहा है, जिसका पानी तेजी से बहकर मैदानी क्षेत्र के नाले में पहुंचा। मजदूरों ने भागकर बचाई जान पानी का तेज बहाव देखते ही मौके पर मौजूद मजदूरों ने तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। पानी के बढ़े हुए जलस्तर और मिट्टी के बहाव के कारण निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन वहीं फंस गई।समय रहते बरती गई सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई है। बहाव कम होने पर दोबारा कार्य शुरु पानी का बहाव कम होने के बाद जेसीबी को बाहर निकालने और निर्माण कार्य को सुरक्षित तरीके से दोबारा शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के मद्देनजर निचले इलाकों में काम करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की मांग की है।