समाचार · उत्तर प्रदेश
बाराबंकी में मौत बनकर आया डंपर, एक टक्कर से मचा कोहराम, चार लोगों की मौत, 8 साल की बच्ची गंभीर

UP Road Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. मसौली थाना क्षेत्र के बांदा-बहराइच मार्ग पर बिंदौरा चौराहे के पास डंपर और कार की जोरदार टक्कर में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई. वहीं, आठ वर्षीय बच्ची हुदा गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कार सवार सभी लोग लखनऊ के कमता इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
बिंदौरा चौराहे के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, कार बिंदौरा चौराहे के पास मुड़ रही थी. इसी दौरान बाराबंकी की ओर से आ रहे डंपर ने कार में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए. राहगीरों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा.
चार लोगों की मौत, बच्ची की हालत गंभीर
हादसे के बाद घायलों को बड़ागांव सीएचसी ले जाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया. मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है. बड़ागांव सीएचसी के अधीक्षक डॉ. राधेश्याम गौड़ ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है. वहीं, आठ वर्षीय हुदा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.
डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार
बताया जा रहा है कि कार आदर्श नगर, कमता निवासी मोहम्मद शरीफ के नाम पर है. हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर आवागमन भी प्रभावित रहा. वहीं, टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. मृतकों की पहचान और हादसे के अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है.
Must Read: दुश्मनी का ऐसा खौफनाक खेल, पड़ोसी को हत्या में फंसाने के लिए 9 साल की बेटी को मार डाला, पिता समेत पांच को उम्रकैद