Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

13वीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में रोहतास का जलवा, ओवरऑल बिहार में हासिल किया दूसरा स्थान

INT News25 August 2026 at 08:32 pm

Rohtas News : 13वीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में रोहतास जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल बिहार में दूसरा स्थान हासिल किया. मुंगेर में 22 और 23 अगस्त को आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 25 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयुवर्गों में हिस्सा लिया. खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया. बेहतर प्रदर्शन के आधार पर रोहतास की टीम को प्रतियोगिता का रनरअप घोषित किया गया.

25 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

रोहतास जिले की टीम 21 अगस्त को सासाराम से मुंगेर के लिए रवाना हुई थी. टीम के साथ रोहतास योगा के अध्यक्ष अश्विनी कुमार, सचिव विजय कुमार तथा कोषाध्यक्ष सह योग प्रशिक्षक नवल किशोर सिंह मौजूद रहे. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

अलग-अलग आयुवर्ग में खिलाड़ियों ने जीते पदक

8 से 10 आयुवर्ग में शिवांसी स्वारा ने पदक हासिल किया. 10 से 12 आयुवर्ग में मूमी कुमारी ने बेहतर प्रदर्शन किया. 12 से 14 आयुवर्ग में नाव्या ने कांस्य पदक तथा प्रिया कुमारी ने एकल कलात्मक योगासन स्पर्धा में कांस्य पदक प्राप्त किया. इसी आयुवर्ग में शिवम पांडेय ने रजत पदक जीता.

आदित्य और आदिक ने जीता स्वर्ण पदक

14 से 16 आयुवर्ग में आदित्य कुमार एवं आदिक श्रीवास्तव ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि नायंसी कुमारी ने रजत पदक अपने नाम किया. 16 से 18 आयुवर्ग में पायल श्रीवास्तव ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया.

योग प्रशिक्षकों ने भी जीते स्वर्ण पदक

25 से 30 आयुवर्ग में योग प्रशिक्षक नवल किशोर सिंह एवं नूर जबा बानो ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और टीम के रनरअप रहने पर योग संघ से जुड़े पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेलप्रेमियों ने खुशी जतायी. सभी ने पदक विजेता खिलाड़ियों और पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.