समाचार · हरियाणा
करनाल में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस सख्त:22 बुलेट-15 काली फिल्म कारों के चालान; 18 वाहन जब्त
करनाल जिले के घरौंडा में मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन ड्राइवरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। पुलिस ने एक ही दिन में करीब 4 से 5 लाख रुपए के चालान काटे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इनमें 22 पटाखा साइलेंसर वाली बुलेट, 15 काली फिल्म लगी कार और 4 प्रेशर हॉर्न वाली बाइकों के चालान शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान 18 बुलेट बाइक और कारों को इंपाउंड किया गया। अभियान से वाहन ड्राइवरों में हड़कंप रहा, जबकि शहरवासियों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। दो टीमों ने सुबह 10 बजे शुरू की जांच मंगलवार सुबह करीब 10 बजे करनाल ट्रैफिक पुलिस की दो टीमें एसएचओ रामलाल के नेतृत्व में घरौंडा पहुंचीं। एक टीम को शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर तैनात किया गया, जबकि दूसरी टीम की अगुवाई एसएचओ रामलाल ने खुद की। पुलिस ने रेलवे रोड से जांच शुरू की और मंडी मनीराम, तकिया बाजार, मेन बाजार, गुरु सैन चौक, अराईपुरा रोड और रेलवे रोड चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर वाहनों को रोककर चेक किया। पुलिस ने पटाखे जैसी तेज आवाज करने वाली बुलेट बाइक, काली फिल्म लगी कार और प्रेशर हॉर्न वाले वाहनों को पकड़ा। काली फिल्म वाली कुछ कारों के ड्राइवरों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। बाद में वे माफी मांगते नजर आए। पुलिस ने कार्रवाई में किसी तरह की नरमी नहीं बरती। गलियों में भी बुलेट की आवाज सुनते ही रोका एसएचओ रामलाल ने शहर की गलियों में भी बुलेट बाइक की जांच की। जिस बाइक से पटाखे जैसी तेज आवाज सुनाई दी, उसे मौके पर रोककर चालक का चालान किया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान दर्जनों वाहनों पर नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई और 18 बुलेट बाइक व कारों को इंपाउंड किया गया। पटाखा बुलेट चलाने वालों से लोग परेशान एसएचओ रामलाल ने बताया कि घरौंडा से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि पटाखा बुलेट चलाने वालों से लोग परेशान हैं। इसी के चलते अभियान चलाया गया। उन्होंने वाहन ड्राइवरों से पटाखा साइलेंसर बदलवाने, प्रेशर हॉर्न उतरवाने, काली फिल्म हटवाने और अधिक आवाज करने वाले वाहनों को ठीक करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरौंडा में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाएंगे।