समाचार · पंजाब
फरीदकोट में किसान को थमाए फूलगोभी के नकली बीज:दुकान पर कृषि विभाग की रेड; कंपनी के खाली रैपर बरामद
फरीदकोट जिले के कोटकपूरा की पुरानी अनाज मंडी स्थित एक बीज विक्रेता फर्म पर किसान को फूलगोभी का नकली बीज सप्लाई करने का मामला सामने आया है। बीज से फसल खराब होने के बाद किसान ने कंपनी से शिकायत की। जिसके बाद मामले की जांच शुरू हुई। किसान और कंपनी की शिकायत के आधार पर कृषि विभाग की उच्च स्तरीय टीम ने संबंधित फर्म की दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से कंपनी के खाली रैपर भी बरामद किए गए हैं। गांव ढाब गुरु के किसान सतनाम सिंह ने बताया कि उसने कोटकपूरा की एक फर्म से वेलकम कंपनी का फूलगोभी का बीज खरीदा था। बीज की बुआई के बाद फसल खराब हो गई। इसके बाद कंपनी से संपर्क करने पर पता चला कि कंपनी के रैपर में नकली बीज भरकर सप्लाई किया गया था। 100 ग्राम की पैकिंग तैयार कंपनी के अधिकारी जतिंदर सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी 100 ग्राम की पैकिंग तैयार करती है, जबकि संबंधित दुकानदार द्वारा किसानों को 250 ग्राम की पैकिंग दी गई। कंपनी के खाली रैपरों का इस्तेमाल कर उनमें किसी अन्य कंपनी का बीज भरकर किसानों को बेचा गया। किसान सतनाम सिंह ने दावा किया कि करीब दो साल पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिसे उस समय मामला रफा-दफा कर दिया गया था। मामले की जांच की जा रही- अधिकारी मामले में मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. गुरप्रीत सिंह ने कहा कि किसान और कंपनी की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।