समाचार · पंजाब
पठानकोट में जंगल से सड़ी-गली हालत में शव मिला:हाईवे किनारे पड़ा था, पहचान मुश्किल; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
पठानकोट के डमटाल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप जंगल से एक सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की हालत अत्यंत खराब होने के कारण उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, डमटाल पुलिस को जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद इंदौरा के डीएसपी संजीव कुमार यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए और जांच के लिए सुरक्षित किए। पुलिस मृतक की पहचान में जुटी पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव जंगल में कैसे पहुंचा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।