समाचार · पंजाब
फाजिल्का में दो नशा तस्कर भाइयों का निर्माण तोड़ा:सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाया, आरोपियों परNDPS-एक्साइज एक्ट के 14 केस
नशा तस्करी और समाज विरोधी गतिविधियों के खिलाफ फाजिल्का पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने म्युनिसिपल कमेटी (नगर परिषद) के अधिकारियों के साथ मिलकर आर्य नगर इलाके में कुख्यात नशा तस्कर कृष्ण कुमार और उसके भाई अमन द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को पूरी तरह से ध्वस्त कर जमीन को कब्जा मुक्त करवा लिया है। फाजिल्का के एसपी (SP) सतिंदर कुमार ने बताया कि दोनों भाइयों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे इलाके में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं कृष्ण कुमार के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 2 एक्साइज एक्ट (अवैध शराब तस्करी) और 1 एनडीपीएस एक्ट (नशा तस्करी) से संबंधित है। उसके भाई अमन के खिलाफ कुल 5 मामले दर्ज हैं, जिनमें 3 एनडीपीएस एक्ट और 2 एक्साइज एक्ट के तहत दर्ज हैं। नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर रहेगी नजर एसपी सतिंदर कुमार ने दोटूक शब्दों में कहा कि फाजिल्का पुलिस केवल नशा पकड़ने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशा तस्करों के पूरे इकोसिस्टम को तबाह करेगी। नशे की काली कमाई से या समाज में खौफ पैदा करके सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के साथ-साथ, संबंधित विभागों के सहयोग से ऐसे अवैध कब्जों को ढहाने की कानूनी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।" समाज विरोधी तत्वों में खौफ का माहौल म्युनिसिपल कमेटी की मौजूदगी में हुई इस अचानक कार्रवाई से आर्य नगर और आसपास के क्षेत्रों में समाज विरोधी तत्वों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सीमावर्ती जिला फाजिल्का में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने और युवाओं की रगों में नशा घोलने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।