समाचार · उत्तराखंड
नैनीताल में छात्रों को क्लास में दिखा भूत! परीक्षा बीच में ही छोड़ रोते-चिल्लाते भागे, स्कूल प्रशासन के छूटे पसीने

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक स्कूल में परीक्षा दे रहे बच्चों के बीच 'भूत' की अफवाह फैल गई जिसके बाद छात्रों को घर भेज दिया गया। मामला बनभूलपुरा में स्थित एक प्राइवेट इंटर-कॉलेज का है। यहां छात्र यूनिट टेस्ट दे रहे थे तभी 10वी और 11वीं की कुछ छात्राओं ने तबीयत खराब होने और चक्कर आने की शिकायत की।इस दौरान कुछ छात्रों ने दावा किया कि उन्होंने परीक्षा के दौरान 'भूत-प्रेत' का अनुभव किया है। इसके बाद 'भूत-प्रेत' की अफवाह एक क्लास से दूसरी क्लास में तेजी से फैली जिससे छात्रों और स्कूल प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया और छात्र चीखने-चिल्लाने और रोने लगे। माहौल को देखते हुए स्कूल प्रशासन को परीक्षा रद्द करना पड़ा और छात्रों को घर भेज दिया गया।अचानक जोर-जोर से चिल्लाने लगे छात्रदरअसल परीक्षा के दौरान ही छात्रों के बीच में से ही एक छात्र जोर-जोर से चिल्लाने लगा था जिसके बाद आस-पास बैठे अन्य छात्र घबरा गए और कुछ तो इतना डर गए कि रोने भी लगे। इस दौरान यह अफवाह फैल गई कि छात्रों ने 'भूत-प्रेत' का अनुभव किया है। देखते ही देखते अन्य क्लास में मौजूद छात्रों के बीच ये अफवाह फैल गई और छात्रों के बीच डर फैल गया। परीक्षा दे रहे छात्र अपनी-अपनी जगह से उठने लगे और घबराहट का माहौल बन गया।छात्रों को करवाया शांत और फिर छुट्टीसूचना मिलने पर स्कूल प्रशासन के अधिकारियों ने तुरंत कक्षाओं का रुख किया। छात्रों को समझाने की तमात कोशिशें की गईं जिसके बाद वे शांत हुए और स्थिति सामान्य होने पर स्कूल की छुट्टी कर छात्रों को घर भेज दिया गया।स्कूल के एक प्रवक्ता ने मामले को लेकर बताया कि कुछ छात्रों के बीमार पड़ने की खबरें सामने आई हैं, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि स्कूल में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।साल 2022 में जब अचानक छात्राएं अचानक चिल्लाने लगींयह पहला मौका नहीं जब उत्तराखंड के स्कूलों में इस तरह की घटना सामने आई है। साल 20222 में बागेश्वर में एक सरकारी स्कूल में अजीबो-गरीब घटना सामने आई थी। बताया जा रहा है कि स्कूल की 6-7 छात्राएं अचानक चिल्लाने लगीं थीं। कुछ देर में वो बेहोश हो गईं। छात्राओं की यह हालत देखकर स्कूली शिक्षकों और अन्य छात्र डर गए थे। स्थानीय लोगों का ऐसा विश्वास था कि 'भूत-बाधा' के चलते छात्राओं का ऐसा हाल हुआ था। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।छात्राओं की हरकतों के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में शिक्षकों ने छात्राओं के अभिभावकों को बुलाया गया था। छात्राओं की हरकतों से शिक्षकों और अन्य छात्रों में दहशत फैल गई थी।(पीटीआई के इनपुट के साथ)