समाचार · पंजाब
खन्ना के चर्चित सैलून पर स्वास्थ्य विभाग की रेड:गंजेपन के इलाज वाले हेयर पैक, शैंपू-तेल के सैंपल लिए; रिपोर्ट बाद होगी कार्रवाई
खन्ना के जीटीबी मार्केट स्थित एक चर्चित सैलून पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। सैलून में गंजेपन के इलाज के दावे को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। टीम ने मौके से हेयर पैक पाउडर, शैंपू और तेल के सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। कार्रवाई के दौरान जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. रमन खन्ना, ड्रग इंस्पेक्टर संदीप कौशिक समेत स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने सैलून में इस्तेमाल किए जा रहे उत्पादों और वहां चल रही गतिविधियों की जांच की। सैलून में मौजूद संबंधित सामग्री को भी जब्त किया गया। अधिकारी बोले- सैंपल रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई अधिकारियों ने संचालक को निर्देश दिए कि सैंपल रिपोर्ट आने तक गंजेपन के इलाज के नाम पर किसी व्यक्ति को हेयर पैक न लगाया जाए और संबंधित उत्पादों की बिक्री भी न की जाए। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि सैंपल रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी। यदि जांच में नियमों की अनदेखी या अन्य अनियमितता सामने आती है तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। जानकारी के अनुसार, सैलून के खिलाफ पिछले कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि यहां गंजेपन के इलाज का दावा किया जा रहा है और पंजाब के अलावा हरियाणा, दिल्ली व उत्तर प्रदेश से भी लोग पहुंच रहे हैं। कार्रवाई के बाद सैलून संचालक ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर हेयर पैक नहीं लगाने की घोषणा की। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ साल पहले भी यह सैलून गंजेपन के इलाज को लेकर विवादों में आया था। उस समय भीड़ जुटने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सैलून को सील किया था। अब दोबारा रेड होने के बाद मामला फिर चर्चा में है। फिलहाल विभाग की नजर सैंपल रिपोर्ट पर है।