Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

बालू-पत्थर के अवैध कारोबार पर सख्त हुआ प्रशासन, कोडरमा में खदानों और क्रशर पर बढ़ेगी निगरानी

INT News25 August 2026 at 09:34 pm

कोडरमा से विकाश कुमार की रिपोर्ट

कोडरमा: समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. बैठक में जिले में अवैध खनन, बालू-पत्थर के अवैध भंडारण और परिवहन पर कार्रवाई की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया.

अवैध बालू-पत्थर के कारोबार पर होगी सख्ती

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने बालू और पत्थर के अवैध भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ अब तक की गयी कार्रवाई की जानकारी दी. उपायुक्त ने अवैध रूप से बालू उठाव, खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

खदानों और क्रशर इकाइयों की होगी नियमित जांच

राजस्व संग्रह को मजबूत करने के लिए उपायुक्त ने जिले में संचालित खदानों और क्रशर इकाइयों की नियमित जांच करने को कहा. अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि खनन कार्य निर्धारित नियमों और प्रावधानों के अनुरूप हो.

उन्होंने क्षेत्रवार निगरानी बढ़ाने और अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा.

बैठक में एसपी कुमार शिवाशीष, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार समेत सभी अंचल अधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.