समाचार · उत्तराखंड
पत्नी की हत्या कर पति हुआ फरार, बच्चे समझते रहे- मां सो रही है; सिर से पैर तक 50 घाव

अमित पडलिया, नैनीतालउत्तराखंड के नैनीताल जनपद में घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने डंडे से पीट-पीट कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं। वारदात ओखलकांडा के खनस्यूं में हुई। आरोपी ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। सिर से पैर तक शरीर पर 50 घाव हैं। दंपति के 4 बच्चे थे। बच्चे समझते रहे कि मां सो रही है, लेकिन जब शव से गंध आई तो राज खुला। उनका पिता हत्या के बाद फरार हो चुका था।जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय भीम सिंह पुत्र नारायण सिंह अपनी 35 वर्षीय पत्नी डिकरी देवी और चार बच्चों के साथ खनस्यूं में रहता था। शुक्रवार रात को घर पहुंचने के बाद भीम का पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर भीम ने डंडे से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसने दम तोड़ दिया।नशे का आदी है आरोपीलोगों का दावा है कि भीम नशे का आदी था। उसका बड़ा भाई रुद्रपुर में निजी कंपनी में नौकरी करता है। तल्ला ओखलकांडा के एसआई अनीश अहमद ने बताया कि ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना दी थी। मौके से डंडा बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए है। शव पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी एसटीएच भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी की फोटो और पैंफलेट जारी कर सूचना देने की अपील की है।पिता की सनक ने उजाड़ा परिवारपिता की सनक ने एक हंसता-खेलता परिवार तो उजाड़ा ही, चार मासूमों के चेहरे की हंसी और उनके सिर से मां का साया भी जिंदगीभर के लिए छीन लिया। ओखलकांडा के खनस्यूं में शुक्रवार को हुई घटना के बाद से ही हर किसी की आंखों में आंसू हैं।बच्चों को लगा- मां सो रही हैघटना के बाद से डरे सहमे रहे चार मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उस वक्त उठ गया, जब पारिवारिक विवाद में पिता ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। सबसे बड़ा बेटा 10 वर्षीय राजू काफी देर तक मां को घर में सोया समझता रहा, पर जब उसे सच्चाई का पता चला, तो उसने सबसे पहले पड़ोसियों को जानकारी दी।बताया जा रहा है कि आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर राजू को मारने की धमकी दी थी। इससे बच्चे भयभीत रहे। राजू समेत 8 वर्षीय हर्षिता, 6 वर्षीय कुणाल, 3.5 साल की बबली की पढ़ाई, उनके भविष्य, पालन-पोषण जैसी चुनौतियां अब मुंह बांए खड़े है। पुलिस की तीन टीमें सर्च अभियान में जुटी हुईं हैं। सीओ रविकांत सेमवाल का कहना है कि एक टीम लोकल में भेजी गई है, जबकि शेष दो टीमें हल्द्वानी और बाहर के शहरों में दबिश दे रही हैं। जल्द फरार आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।पत्नी से की क्रूरता, सिर से पैर तक 50 घावखनस्यूं गांव में भीम सिंह ने गुस्से में पत्नी डिकरी देवी के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी। सिर से पैर तक डंडे से इतना पीटा कि 50 गहरे घाव पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को दिखे। सोमवार को रानीबाग चित्रशिला घाट पर मृतका का अंतिम संस्कार होगा। फॉरेंसिक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि मृतका के सिर और पूरे शरीर पर डंडे के निशान हैं। मृतका का हल्द्वानी स्थित मोर्चरी में पोस्टमार्टम तीन डॉक्टर के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच किया। पैनल में एक महिला डॉक्टर भी रहीं। अब पुलिस रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। कई जगह से महिला की हड्डी टूटने का अनुमान है।रात भर बिस्तर पर पड़ी रही, शव से आने लगी थी गंधबताया जा रहा है कि शुक्रवार रात हमला करने के बाद भीम सिंह घर से चला गया था। अगले दिन तक डिकरी देवी बिस्तर पर पड़ी रही। लाश से गंध आनी शुरू हो गई थी। मोर्चरी में परिवार वालों का आरोप था कि पुलिस मदद के बजाय ये कहने लगी कि शव को ले जाने का इंतजाम परिजनों ने देरी से किया।