समाचार · हरियाणा
फरीदाबाद में गोदाम की बदहाल हालत देख भड़के मंत्री नागर:अधिकारियों को लगाई फटकार; बोले- अनाज भंडारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
फरीदाबाद जिले के तिगांव स्थित अनाज गोदाम में मंगलवार को निरीक्षण करने पहुंचे हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर गोदाम की बदहाल सफाई व्यवस्था देखकर नाराज हो गए। निरीक्षण के दौरान गोदाम में साफ-सफाई की व्यवस्था में कई खामियां मिलीं। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अनाज के भंडारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री राजेश नागर ने गोदाम में रखे अनाज के स्टॉक, उसके रखरखाव, साफ-सफाई और अनाज को सुरक्षित रखने के लिए की जाने वाली दवा की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गोदाम में स्वच्छता की व्यवस्था हर समय बेहतर रहनी चाहिए। अधिकारियों को नियमित रूप से गोदामों का निरीक्षण करने और अनाज को खराब होने से बचाने के लिए समय पर जरूरी दवा लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अनाज के स्टॉक की भी जानकारी ली निरीक्षण के दौरान मंत्री ने गोदाम में पिछले दो-तीन वर्षों से अलग-अलग कानूनी मामलों के चलते पड़े अनाज के स्टॉक की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में जरूरी पत्राचार पूरा कर लंबित स्टॉक को नियमानुसार उठाने की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाई जाए। लंबे समय तक गोदाम में अनाज पड़ा रहने से भंडारण की क्षमता प्रभावित होती है और व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ता है। गोदाम में कबाड़ देख जताई नाराजगी गोदाम में बड़ी मात्रा में पुरानी पॉलीथिन, दवा की खाली पैकिंग और अन्य कबाड़ पड़ा मिलने पर भी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमानुसार इन सामानों की नीलामी कराकर गोदाम से कबाड़ हटाया जाए, ताकि जगह का सही इस्तेमाल हो सके। राशन वितरण को लेकर दिए निर्देश मंत्री ने राशन वितरण व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को साफ निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र राशन कार्ड धारक को उसके हिस्से का पूरा अनाज मिलना चाहिए। सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।