समाचार · उत्तर प्रदेश
अब घर भी होगा डिजिटल! UP के इस शहर में लाखों भवनों पर लगेगा QR कोड, जानें क्या होगा फायदा

UP Digital Property Records: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में करीब सवा दो लाख भवनों को जल्द टैग और भवन QR कोड से जोड़ा जाएगा. नगर निगम ने शहर के 80 वार्डों में अगले चरण में इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके तहत हर भवन को एक अलग टैग और क्यूआर कोड दिया जाएगा. QR कोड स्कैन करने पर संबंधित भवन और उसके मालिक से जुड़ी जानकारी सामने आ सकेगी.
डिजिटल होगा भवनों का रिकॉर्ड
अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य शहर के भवनों का रिकॉर्ड व्यवस्थित और डिजिटल तरीके से तैयार करना है. इससे नगर निगम कर्मचारियों को किसी भवन से जुड़ी जानकारी जुटाने में आसानी होगी और रिकॉर्ड को अपडेट रखना भी आसान होगा. QR कोड के जरिए किसी संपत्ति से जुड़ी शिकायत या नगर निगम की कार्रवाई की जानकारी तक भी तेजी से पहुंच बनाई जा सकेगी.
जनसुविधाओं की निगरानी में भी मदद
भवनों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होने से नगर निगम की विभिन्न जनसुविधाओं और व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग में भी तेजी आने की उम्मीद है. क्षेत्रवार जानकारी आसानी से उपलब्ध होने से जरूरी कार्रवाई की निगरानी बेहतर तरीके से की जा सकेगी. नगर निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से शहरी प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.
पर्वतों के नाम पर होंगे ग्रेटर बरेली के सेक्टर
वहीं, ग्रेटर बरेली आवासीय योजना को पर्वतों की थीम पर विकसित करने की तैयारी है. योजना के 11 सेक्टरों के नाम देश की प्रमुख पर्वत श्रृंखलाओं, पर्वतों और धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व वाले पर्वतीय स्थलों के नाम पर रखे गए हैं. सेक्टर-1 से 11 तक हिमाद्रि, शिवालिक, नीलगिरि, सह्याद्रि, विंध्याचल, धौलाधार, मेरु, नंदा देवी, त्रिशूल, केदारगिरि और गोवर्धन एन्क्लेव नाम दिए गए हैं. नामकरण में संबंधित पर्वतों की भौगोलिक स्थिति और दिशा का भी ध्यान रखा गया है.
मेरु एन्क्लेव बनेगा योजना का केंद्र
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के अनुसार, योजना के बीच में स्थित मेरु एन्क्लेव को विशेष महत्व दिया गया है. इसी क्षेत्र में रुद्रवनम् पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसका शिलान्यास हो चुका है. मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप तैयार किया जा रहा यह पार्क ग्रेटर बरेली के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा. यहां एक प्रीमियम आवासीय परिसर भी विकसित किया जा रहा है, जिसे जल्द जनता के सामने प्रस्तुत कर पंजीकरण के लिए उपलब्ध कराने की तैयारी है.
Must Read: UP के इस शहर में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, 2 अस्पतालों में 20-20 बेड रिजर्व, डॉक्टरों को दिए खास निर्देश, जानें पूरा मामला