Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

JTET News : सिमडेगा में 11 केंद्रों पर होगी JTET 2026 की तैयारी, अक्टूबर में संभावित परीक्षा

INT News25 August 2026 at 09:51 pm

सिमडेगा: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. मंगलवार को उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक हुई. बैठक में परीक्षा व्यवस्था, केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं और परीक्षार्थियों की संभावित संख्या के अनुरूप सीट मैट्रिक्स की समीक्षा की गयी.

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय और महिला महाविद्यालय फिर बनेंगे केंद्र

उपायुक्त ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सिमडेगा और महिला महाविद्यालय, सलडेगा को पूर्व की तरह परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित करने का निर्देश दिया. दोनों संस्थानों के प्रबंधन को सीट मैट्रिक्स उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा सके.

जिले में 11 केंद्रों पर परीक्षा की तैयारी

बताया गया कि झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC), रांची को JTET 2026 के आयोजन के लिए अधिकृत किया गया है. परिषद के निर्देश के तहत सिमडेगा जिले में कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित करने की तैयारी की जा रही है. परीक्षा अक्टूबर 2026 में संभावित है.

परीक्षा केंद्रों पर ये सुविधाएं अनिवार्य

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त परीक्षा कक्ष, बेंच-डेस्क, शौचालय, पेयजल, बिजली, सीसीटीवी कैमरा और चहारदीवारी जैसी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों. उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त होनी चाहिए.

प्रखंडों में भी बन सकते हैं परीक्षा केंद्र

संभावित परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए जिला मुख्यालय के अलावा आसपास के प्रखंडों के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र बनाया जा सकता है. उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों को संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का विस्तृत प्रतिवेदन देने तथा तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया.

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा सहित विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रतिनिधि मौजूद थे.