Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

फगवाड़ा में मिठाई की दुकानों पर रेड:खाद्य सुरक्षा विभाग ने 7 सैंपल भरे; रक्षाबंधन से पहले छापेमारी से दुकानदारों में हड़कंप

INT News25 August 2026 at 08:17 pm

रक्षाबंधन त्योहार से पहले लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। यह अभियान कमिश्नर, फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, पंजाब कमलप्रीत बराड़ और डिप्टी कमिश्नर कपूरथला आकाश बंसल के निर्देशों पर चलाया गया। सिविल सर्जन डॉ. राजीव पराशर की देखरेख में असिस्टेंट कमिश्नर (फूड) डॉ. हरजोत पाल सिंह ने इस अभियान का नेतृत्व किया। टीम में फूड सेफ्टी ऑफिसर महक सैनी भी शामिल थीं। टीम ने फगवाड़ा क्षेत्र की विभिन्न मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया और वहां तैयार तथा बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की गुणवत्ता जांची। चेकिंग के दौरान कुल 7 खाद्य सैंपल लिए गए। इनमें बर्फी, धोड़ा बर्फी, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, पतीसा, पेहा और लड्डू जैसे उत्पाद शामिल हैं। सभी सैंपल जांच के लिए स्टेट फूड लेबोरेटरी भेजे जा रहे हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी सैंपल में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य कारोबारी के खिलाफ फूड सेफ्टी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुकानों और किचन में साफ-सफाई का ध्यान रखने के निर्देश चेकिंग टीम ने खाद्य कारोबारियों को दुकानों और किचन में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्हें यह भी कहा गया कि खाद्य पदार्थ और कच्चा माल केवल पक्के बिल के साथ खरीदा जाए, ताकि किसी भी सामग्री के स्रोत का पता लगाया जा सके। FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए भी किया जागरूक खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को उनके वार्षिक टर्नओवर के अनुसार FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए भी जागरूक किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना आवश्यक लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के खाद्य कारोबार करना नियमों का उल्लंघन है।

बाहर से आने वाली मिठाइयों पर भी रहेगी नजर रक्षा बंधन के दौरान दूसरे शहरों और राज्यों से बसों, ट्रेनों, ट्रांसपोर्ट वाहनों और निजी गाड़ियों के माध्यम से कपूरथला जिले में पहुंचने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर भी खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष नजर रहेगी। सेहत से बढ़कर कोई मुनाफा नहीं : डॉ. हरजोत पाल सिंह असिस्टेंट कमिश्नर (फूड) डॉ. हरजोत पाल सिंह ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ बेचते समय लोगों की सेहत को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी कारोबारी के लिए मुनाफे से ज्यादा महत्वपूर्ण लोगों का स्वास्थ्य और सुरक्षा होनी चाहिए। खाद्य पदार्थ स्वच्छ वातावरण में तैयार करें कारोबारी: डीसी डिप्टी कमिश्नर कपूरथला आकाश बंसल ने भी सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे अच्छी गुणवत्ता का कच्चा माल इस्तेमाल करें, खाद्य पदार्थ स्वच्छ वातावरण में तैयार करें और तैयार भोजन को हमेशा ढककर रखें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।