Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

आदिवासी युवती मामले में आगे आए पांकी के विधायक डॉ शशिभूषण मेहता, बोले - सभी समुदायों की बेटियां बराबर

INT News25 August 2026 at 08:32 pm

Palamu News: पलामू के पांकी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने कहा है कि क्षेत्र में बहन-बेटियों पर अत्याचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शरीयत को संविधान से ऊपर मानने और जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की कोशिशों का लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा विरोध किया जाएगा. पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता मंगलवार को हरसईन मोड़ स्थित मौर्य फार्म हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे.

आदिवासी युवती मामले में मुख्यमंत्री से मिलेंगे

विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने क्षेत्र की एक आदिवासी युवती से जुड़े मामले पर गहरी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि युवती पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और धमकी देने की बात सामने आई है. इस गंभीर मामले की जानकारी राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ आशा लकड़ा को दे दी गई है. वे जल्द ही इस विषय में राज्य के मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें पूरी वस्तुस्थिति से अवगत करायेंगे.

विपक्षियों के आरोपों पर पलटवार

चुनाव हार चुके और राजनीति में पैर जमाने की कोशिश कर रहे कुछ स्थानीय नेताओं द्वारा सकलदीपा मामले में दिए गए बयान पर सवाल उठाने पर विधायक ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि मेरे लिए हिंदू, आदिवासी, मुस्लिम और सभी समुदायों की बेटियां एक बराबर हैं. राजनीति के तहत उन पर भेदभाव के गलत आरोप लगाए जा रहे हैं.

पुराने मामलों का दिया हवाला

अपने रुख को स्पष्ट करने के लिए विधायक ने वर्ष 2021-22 में मनातू प्रखंड के रहेया में एक मुस्लिम महिला के साथ हुए कथित अत्याचार के मामले का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि पांकी की जनता गवाह है कि उन्होंने पीड़िता का धर्म देखे बिना प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उस मामले में तीन आरोपियों को जेल भिजवाकर पीड़िता को न्याय दिलाया था.

इसे भी पढ़ें: पलामू के डिज्नीलैंड मेले से सात बाल श्रमिक कराए गए मुक्त, चेतावनी देकर छोड़े गए बच्चे

अभिभावकों से सीधे संपर्क की अपील

सकलदीपा में एक मुस्लिम युवती के हिंदू युवक के साथ जाने के मामले पर विधायक ने कहा कि शुरुआती जांच में यह प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है. इसके बावजूद, यदि युवती के परिजनों के पास कोई अन्य तथ्य या शिकायत है, तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं. प्रशासन के सहयोग से मामले की उचित जांच और न्याय सुनिश्चित कराया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: चीनी की जमाखोरी पर करारा प्रहार: पलामू के बैरिया बाजार में पांच बड़े ठिकानों पर छापा