समाचार · हरियाणा
हांसी में नगरपालिका-फायर कर्मचारियों की हड़ताल 20वें दिन जारी:भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन; सरकार पर मांगों से ध्यान भटकाने का आरोप
हरियाणा के हांसी शहर में नगरपालिका एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को 20वें दिन भी जारी रही। इस दौरान धरना स्थल पर नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंद ने कर्मचारियों को संबोधित किया। कई सामाजिक संस्थाओं ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। नरेश शास्त्री ने सरकार पर कर्मचारियों की वास्तविक मांगों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 13 मई को सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच जिन मांगों पर सहमति बनी थी, उनके क्रियान्वयन के पत्र तत्काल जारी किए जाए। शास्त्री ने जोर दिया कि केवल सैद्धांतिक स्वीकृति या नौकरी की गारंटी कर्मचारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं है। वेतन और ठेका प्रथा से मुक्ति की मांग उन्होंने कर्मचारियों के लिए नियमित रोजगार, समान काम का समान वेतन और ठेका प्रथा से मुक्ति की मांग की। शास्त्री ने आरोप लगाया कि ठेके पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को कई जगह 5 से 7 हजार रुपए वेतन मिलता है और उन्हें महीनों तक वेतन नहीं दिया जाता। उन्होंने सरकार से ठेका प्रथा समाप्त करने की अपील की। मांगों के लिखित आदेश जारी नहीं होते राजेंद्र सिंद ने स्पष्ट किया कि जब तक सहमति वाली मांगों के लिखित आदेश जारी नहीं होते, आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल को 27 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला किया है। इसके तहत 26 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला उपायुक्त कार्यालयों पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। 13 मई के समझौते को लागू करने की मांग नगरपालिका संघ के नेताओं राजपाल और जयप्रकाश ने भी सरकार से कर्मचारियों से बातचीत कर 13 मई के समझौते को लागू करने की मांग की। मंच संचालन सुरेंद्र खटक ने किया। इस अवसर पर रविंद्र शर्मा, सुरेंद्र हुड्डा, बलजीत सारसर, अरुण चौहान, सतीश सारसर, सनी चौहान, रेखा बिडलान, नीलम, संदीप मान सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित थे।