समाचार · मध्य प्रदेश
2.94 करोड़ में बना डैम, पहली बारिश में गेट क्षतिग्रस्त:कई जगह से पानी निकल रहा; किसान बोले- शिकायत की, नहीं सुन रहे अधिकारी
बुरहानपुर जिले के नेपानगर क्षेत्र के ग्राम सीवल में जल संसाधन विभाग का 2.94 करोड़ रुपए की लागत से बना डैम पहली बारिश में ही क्षतिग्रस्त हो गया। मई-जून 2026 में बने डैम के गेट बारिश के दौरान आई बाढ़ में टिक नहीं पाए, जिससे अब पानी का रिसाव हो रहा है। इस साल कम बारिश के कारण जल संकट और सिंचाई की चिंता से जूझ रहे किसानों ने शनिवार को डैम के पास जुटकर विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया। पहली बारिश में खराब हुए गेट
ग्रामीणों के मुताबिक, डैम का निर्माण जल संरक्षण के उद्देश्य से कराया गया था। उम्मीद थी कि इसमें पानी रुकने से किसानों को सिंचाई के लिए मदद मिलेगी, लेकिन पहली बारिश में ही गेट क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद से पानी लगातार रिस रहा है और डैम में पानी नहीं रुक पा रहा। शिविर में शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं
किसान उज्जवल पाटिल ने बताया कि एक दिन पहले गांव में आयोजित शिविर में भी डैम से पानी रिसने की शिकायत की गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। शनिवार को बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण डैम के पास पहुंचे और नाराजगी जताई। गर्मी में सिंचाई की चिंता
इस साल जिले में कम बारिश होने से किसान पहले ही चिंतित हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि डैम में पानी नहीं रुकने से गर्मी के मौसम में सिंचाई और जल उपलब्धता की समस्या बढ़ सकती है। इस मामले में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री बाबूलाल मंडलोई से तीन बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।