Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बिजली कटौती से परेशान किसानों ने किया चक्काजाम:बेमेतरा-नवागढ़ मार्ग पर चक्काजाम, आश्वासन के बाद भी 4-8 घंटे बिजली, फसल को नुकसान की आशंका

INT News24 October 2026 at 04:54 pm

बेमेतरा जिले के ग्राम झाल में बिजली कटौती से परेशान जनपद सदस्यों और किसानों ने शुक्रवार को बिजली सबस्टेशन का घेराव कर बेमेतरा-नवागढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। किसान अटल ज्योति योजना के तहत पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से नाराज हैं। उनका कहना है कि फसल अंतिम चरण में है और सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है, लेकिन नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने से फसलों को नुकसान होने की आशंका है। किसानों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी उन्होंने झाल सबस्टेशन का घेराव किया था। उस दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों ने लिखित आश्वासन दिया था कि निर्धारित समय के अनुसार बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बावजूद पिछले कई दिनों से केवल 4 से 8 घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे नाराज किसानों को दोबारा आंदोलन करना पड़ा। 18 घंटे बिजली देने की मांग जनपद सदस्य शुभम गंधर्व ने बताया कि पिछली बार सबस्टेशन के घेराव के दौरान बिजली विभाग की जेई ने लिखित में बिजली आपूर्ति का आश्वासन दिया था। इसके बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त कर दिया था। हालांकि, पिछले 15 दिनों से केवल 4 से 8 घंटे ही बिजली मिल रही है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है। किसानों की मांग है कि शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए। जनपद सदस्य दीपक दिनकर ने कहा कि 15 दिन पहले भी किसानों को 16 घंटे बिजली देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समस्या दोबारा सामने आ गई। उन्होंने कहा कि इस समय फसल अंतिम चरण में है और सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है। पर्याप्त बिजली नहीं मिलने के कारण किसानों को धरने पर बैठना पड़ा। कभी 7-8 घंटे बिजली, फिर आपूर्ति बंद किसान उमेद सिंह भारती ने बताया कि बिजली आपूर्ति नियमित नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है। कभी 7 से 8 घंटे बिजली मिलती है, इसके बाद आपूर्ति बंद हो जाती है। किसानों को फसल बचाने के लिए पर्याप्त बिजली की जरूरत है। समय पर सिंचाई नहीं होने से फसल को नुकसान उठाना पड़ सकता है। जेई ने 18 घंटे बिजली देने का दिया आश्वासन बिजली विभाग की जेई ने बताया कि ग्राम झाल सबस्टेशन में किसानों ने अटल ज्योति लाइन से नियमित बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर घेराव किया था। इस दौरान किसानों को शासन के नियमों के अनुसार 18 घंटे बिजली आपूर्ति किए जाने का आश्वासन दिया गया है।