Tuesday, 29 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हरियाणा में HTET-2025 का संशोधित रिजल्ट जारी होगा:पहले होगी बायोमैट्रिक, 16.57% अभ्यर्थी हुए थे पास, एचटेट-2026 भी इसी साल होगा

INT News29 September 2026 at 12:22 am

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2025 का रिवाइज रिजल्ट जारी किया जाएगा। एचटेट लेवल-1 (PRT), लेवल-2 (TGT) एवं लेवल-3 (PGT) की परीक्षा 4 व 5 जुलाई को हुई थी। इसका परिणाम 22 अगस्त को घोषित किया गया था। परीक्षा परिणाम उपरांत अभ्यर्थियों से प्रश्न-पत्रों व उत्तरकुंजियों के संबंध में पुनर्समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उक्त परीक्षा का संशोधित परीक्षा परिणाम (Revised Result) बायोमेट्रिक सत्यापन उपरांत शीघ्र घोषित किया जाएगा। जबकि अच्टेट अभ्यार्थियों ने रिवाइज रिजल्ट घोषित करवाने के लिए विरोध प्रदर्शन भी किए थे। वहीं आपत्तियां भी लगाई थी। इसके बाद अभ्यार्थियों ने भी शिक्षा बोर्ड के बाहर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दे रखी थी। जिन अभ्यर्थियों का परिणाम संशोधन के उपरांत पात्र श्रेणी में आया है तथा जिनकी बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया अभी शेष है, उन्हें बोर्ड द्वारा निर्धारित केंद्रों पर सत्यापन पूर्ण करने का अवसर दिया जाएगा। सत्यापन की तिथियां जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर जारी की जाएंगी। संशोधित परीक्षा परिणाम अपलोड़ करने या अन्य किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि होने की अवस्था में बोर्ड को यह परिणाम वापस लेने का पूर्ण अधिकार होगा। 16.57 प्रतिशत रहा था रिजल्ट

बता दें कि HTET-2025 के रिजल्ट में 31 हजार 847 स्टूडेंट पास हुए थे। कुल मिलाकर तीनों लेवल का रिजल्ट 16.57% रहा है, जो पिछले 10 साल में सबसे अच्छा है। इससे पहले 2016 में 22.08% अभ्यर्थी पास हुए थे। इस बार 2.33 लाख स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन किया था। इनमें से एक लाख 66 हजार 137 लड़कियां थीं। रजिस्ट्रेशन कराने वालों में से 1.92 लाख ने ही एग्जाम दिया। प्राइमरी टीचर (लेवल-1) का रिजल्ट सबसे खराब रहा, इसमें सिर्फ 3.53% अभ्यर्थी ही पास हुए। कुल 31402 स्टूडेंट्स ने पेपर दिया था। ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (लेवल-2) में सफलता प्रतिशत सबसे अधिक 20.71 रहा। कुल 99 हजार 896 ने पेपर दिया था। पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (लेवल-3) में 16.5% अभ्यर्थी सफल रहे। कुल 60 हजार 922 स्टूडेंट्स ने पेपर दिया था। HTET-2026 को लेकर बोर्ड कर रहा तैयारी

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने संयुक्त रूप से बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशों एवं न्यायालय के निर्णय के अनुपालन में हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET)-2026 का आयोजन इसी वर्ष करवाया जाना प्रस्तावित है। HTET-2026 परीक्षा के आयोजन से संबंधित आवश्यक कार्यवाही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रगति पर है। परीक्षा के आयोजन के लिए विभिन्न स्तरों पर आवश्यक तैयारियां एवं प्रक्रियाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जा रही हैं। इसी वर्ष होगी एचटेट-2026

उन्होंने बताया कि HTET-2026 परीक्षा का आयोजन हरियाणा सरकार के निर्देशों एवं न्यायालय के निर्णय के अनुसार इसी वर्ष किया जाना है। अतः सभी पात्र परीक्षार्थी परीक्षा की तैयारियां समयानुसार जारी रखें तथा परीक्षा से संबंधित आगामी सूचना एवं कार्यक्रम के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक सूचनाओं का अवलोकन करते रहें। परीक्षा की तिथि, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों से संबंधित सूचना बोर्ड द्वारा नियमानुसार एवं समय-समय पर जारी की जाएगी। सभी संबंधित परीक्षार्थियों से अपील है कि वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट एवं अधिकृत माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें।