Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

अंबाला में 52 दोपहिया वाहन इंपाउंड:बाइक का ₹21 हजार का चालान; 50% पर नंबर प्लेट नहीं, 4 चोरी के मिले

INT News24 October 2026 at 03:45 pm

अंबाला शहर की डेहा कॉलोनी में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पिछले एक माह में पुलिस चौकी नंबर-4 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 52 दोपहिया वाहन इंपाउंड किए हैं। इनमें करीब 50% वाहन बिना नंबर प्लेट के मिले, जबकि 40% पर पंजाब के नंबर दर्ज थे। पुलिस के सत्यापन में अब तक 4 वाहन चोरी के पाए गए हैं। बाकी वाहनों की भी जांच की जा रही है। पुलिस चौकी नंबर-4 के इंचार्ज एएसआई जयपाल के अनुसार, डेहा कॉलोनी में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखने के लिए लगातार पैदल गश्त की जा रही है। जिन वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं होती या जो संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते मिलते हैं, उनकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। कई वाहनों के साइलेंसर भी गायब मिले हैं। इसी कार्रवाई के दौरान एक बाइक का 21 हजार रुपए का चालान भी किया गया है। नशा तस्करी के खिलाफ पहले भी हो चुकी कार्रवाई डेहा कॉलोनी को नशा तस्करी के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। पुलिस के अनुसार, यहां नशा तस्करी के मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। नशे से अर्जित अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसते हुए हाल ही में करीब 12 मकानों को सील करने की कार्रवाई भी की गई थी। इस साल चिट्टा तस्करी में 250 से ज्यादा पकड़े एसपी अजीत सिंह शेखावत के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, जनवरी से अब तक चिट्टा तस्करी के मामलों में 250 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का फोकस नशे की सप्लाई चेन तोड़ने और तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने पर है। चौकी इंचार्ज जयपाल ने कहा कि डेहा कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में गश्त व निगरानी बढ़ाई जाएगी। पुलिस ने लोगों से नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9729990112 पर देने की अपील की है।