Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

जालंधर के होटल में लड़की ने की थी सुसाइड:परिजन बिना पोस्टमार्टम ले गए बॉडी, बयान के आधार पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

INT News24 October 2026 at 03:47 pm

जालंधर के गढ रोड होटल ओवल हट में काम करने वाली 20 वर्षीय युवती जानबाज भट्टी ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान जम्मू की रहने वाली जानबाज़ भट्टी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं, मृतका के परिजनों ने डिप्रेशन को आत्महत्या की वजह बताया है। परिवार के लोग बिना पोस्टमार्टम कराए बॉडी को लेकर चले गए। यह मामला जालंधर के होटल 'ओवल हट' का है, जहां शुक्रवार सुबह युवती का शव उसके कमरे में चुन्नी के सहारे पंखे से लटकता हुआ मिला। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह सफाई कर्मी सफाई करने के लिए कमरे की तरफ गया। कमरे का दृश्य देखकर सफाई कर्मी के होश उड़ गए और उसने तुरंत इसकी सूचना होटल के रिसेप्शन पर दी। इसके बाद होटल प्रबंधन ने बिना देरी किए स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान सामने आया कि मृतका जानबाज जम्मू की निवासी थी और उसने महज 20 दिन पहले ही इस होटल में नौकरी शुरू की थी। पुलिस ने घटना के संबंध में तुरंत मृतका के परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद वे जालंधर पहुंचे।

जानबाज कुछ दिनो से डिप्रेशन में थी

परिजनों ने पुलिस को बताया कि जानबाज़ पिछले कुछ समय से गंभीर डिप्रेशन से जूझ रही थी। उसका इलाज चल रहा था और वह नियमित रूप से डिप्रेशन की दवाइयां खा रही थी। परिजनों का मानना है कि इसी मानसिक तनाव और डिप्रेशन के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है।

पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए बॉडी सौपा

इस मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब परिजनों ने शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया से इनकार कर दिया। पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए परिवार को बॉडी सौप दिया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।