national · हरियाणा
शादी के दिन गायब हुआ दूल्हा, 30 लाख रुपये से सजे मंडप में इंतजार करती रह गई दुल्हन

Gurugram News: गुरुग्राम के फर्रुखनगर क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है. यहां की एक युवती की शादी कालियावास गांव के एक युवक से तय हुई थी. गांव के सरपंच सतबीर सिंह ने बताया कि 18 नवंबर को लग्न की रस्म पूरी हुई थी और 20 नवंबर को दोनों की शादी होनी तय थी. परिवार ने शादी की तैयारियां भी पूरी कर ली थीं और रिश्तेदारों को समारोह में शामिल होने के लिए बुलाया गया था. दुल्हन के परिवार के लोगों ने बताया कि इस शादी के उन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीन 30 लाख रुपये में बेच दी थी.
शाम 6 बजे मंडप में बैठी दुल्हन, लेकिन नहीं पहुंची बारात
20 नवंबर को शादी वाले दिन रिश्तेदार और ग्रामीण समारोह स्थल पर जुटने लगे. शाम करीब 6 बजे दुल्हन शादी के जोड़े में सजकर मंडप में बैठ गई. परिवार और मेहमान बारात आने का इंतजार कर रहे थे. लेकिन समय बीतता गया और न तो दूल्हा पहुंचा और न ही बारात आई. शुरुआत में परिवार को लगा कि शायद बारात आने में देरी हो रही है, लेकिन देर बढ़ने के साथ चिंता भी बढ़ती चली गई.
दूल्हे के परिवार को करते रहे फोन, नहीं मिला कोई जवाब
दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे के परिवार से संपर्क करने की कई बार कोशिश की. उन्होंने फोन करके बारात के नहीं पहुंचने की वजह जाननी चाही, लेकिन कथित तौर पर दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, रात करीब 9 बजे तक जब दूल्हे का कोई पता नहीं चला तो परिवार की चिंता और बढ़ गई. आखिरकार दुल्हन के परिजन गांव के सरपंच को साथ लेकर दूल्हे के घर पहुंच गए.
शादी के लिए बेच दी पुश्तैनी जमीन, 25 से 30 लाख रुपये हुए खर्च
गांव के सरपंच सतबीर सिंह ने इस घटना के बाद दुल्हन के परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि लड़की के पिता का निधन हो चुका है. उसका 20 वर्षीय भाई मजदूरी करता है, जबकि मां भी दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार चलाती है. बेटी की शादी अच्छे से करने के लिए परिवार ने अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेच दी थी. सरपंच के मुताबिक, शादी की तैयारियों और आयोजन पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे.
ये भी पढ़ें: मणिपुर टू अफ्रीका: न खाना, न आराम... 101 घंटे की उड़ान, 5700 KM दूर जा पहुंचा नन्हा पक्षी