समाचार · मध्य प्रदेश
एमपी में 7,500 आरक्षक पदों की भर्ती परीक्षा स्थगित:7.54 लाख युवाओं ने भरे थे ऑनलाइन फॉर्म; नई परीक्षा तारीख जल्द घोषित होगी
मध्यप्रदेश में 7,500 पुलिस आरक्षकों की भर्ती के लिए होने वाली लिखित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने 22 नवंबर को परीक्षा की तारीख आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। परीक्षा 19 नवंबर 2026 से शुरू होनी थी, लेकिन निर्धारित तारीख पर एग्जाम शुरू नहीं हो पाए थे। इससे अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। मंडल के मुताबिक, परीक्षा की नई तारीख और विस्तृत शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। नई तारीख घोषित होने के बाद ही एडमिट कार्ड जारी होंगे। करीब 12 हजार इंजीनियर, 42 पीएचडी धारक भी आरक्षक भर्ती के लिए युवाओं में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा है। 7,500 पदों के लिए कुल 7.54 लाख आवेदन मिले हैं। इनमें 42 पीएचडी धारक, 11,961 इंजीनियर, 51,381 पोस्ट ग्रेजुएट और 3,26,626 ग्रेजुएट शामिल हैं। इसके अलावा 4,38,753 हायर सेकेंडरी, 93,736 हाईस्कूल और 1,011 आठवीं पास अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किया है। 3,131 डिप्लोमा इंजीनियर, 3,922 अन्य डिप्लोमा और 8,252 आईटीआई पास युवा भी भर्ती की दौड़ में हैं। 6,800 सामान्य ड्यूटी और 700 SAF के पद कर्मचारी चयन मंडल ने आरक्षक (जीडी) सीधी भर्ती के लिए 7,500 पदों का विज्ञापन जारी किया था। इनमें 6,800 पद आरक्षक सामान्य ड्यूटी (विशेष सशस्त्र बल को छोड़कर) और 700 पद विशेष सशस्त्र बल (SAF) के लिए हैं। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख पहले 29 सितंबर निर्धारित थी। बाद में इसे एक सप्ताह बढ़ाकर 6 अक्टूबर कर दिया गया था। गृह जिले में नहीं मिलेगी पोस्टिंग
भर्ती नियमों के मुताबिक, चयनित अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले में पदस्थापना नहीं मिलेगी। आवेदन के दौरान प्रदेश के 55 जिलों में से यूनिट चुनने का विकल्प दिया गया था। नियुक्ति के बाद संबंधित यूनिट में कम से कम 5 साल सेवा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही ट्रांसफर हो सकेगा। चयनित आरक्षकों की नियुक्ति भोपाल, इंदौर और जबलपुर की शासकीय रेल पुलिस (GRP) में भी की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य परीक्षा केंद्रों पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। परीक्षा एक से अधिक शिफ्ट में होने पर अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा।