Tuesday, 29 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

50 हजार का इनाम, 5 दिन की तलाश... फिर पानी में मिला 11वीं के छात्र का शव, हत्या है या आत्महत्या..आखिर मौत के पीछे क्या छिपा है राज?

INT News28 September 2026 at 11:03 pm

UP News: गोरखपुर में पांच दिन से लापता 17 वर्षीय छात्र प्रिंस निषाद का शव सोमवार शाम चिलुआताल के शेषपुरवा गांव के पास पानी में उतराता मिला. प्रिंस 23 सितंबर की सुबह कोचिंग के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और जानकारी देने वाले के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी. शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

23 सितंबर को कोचिंग के लिए निकला था छात्र

प्रिंस निषाद गोरखपुर के मोहरीपुर का रहने वाला था और कक्षा 11वीं में पढ़ता था. वह इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था. परिजनों के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे वह बेतियाहाता स्थित कोचिंग सेंटर जाने के लिए घर से निकला था. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. परिवार ने कोचिंग सेंटर से भी जानकारी ली, जहां पता चला कि प्रिंस उस दिन परीक्षा देने नहीं पहुंचा था. इसके बाद उसके पिता ने चिलुआताल थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी.

पीपीगंज में मिली थी मोबाइल की आखिरी लोकेशन

छात्र की तलाश के दौरान पुलिस ने उसके मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाली. जांच में मोबाइल की आखिरी लोकेशन पीपीगंज में मिली थी. इसके बाद मोबाइल बंद हो गया. पुलिस ने आसपास के रास्तों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए भी छात्र की तलाश की. वहीं, परिजन और परिचित भी लगातार उसकी खोज में जुटे रहे. इसी दौरान परिजनों ने प्रिंस के बारे में जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की थी.

चिलुआताल में पानी के अंदर मिला शव

सोमवार शाम डायल-112 पर पुलिस को शेषपुरवा गांव के पास चिलुआताल में एक शव उतराने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया. शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी. कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान प्रिंस निषाद के रूप में की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है.

प्रेम प्रसंग को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा

वहीं, स्थानीय लोगों के बीच प्रिंस के एक लड़की से प्रेम संबंध होने की चर्चा भी है. लोगों का दावा है कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और इस रिश्ते को लेकर परिवार की ओर से पहले भी आपत्ति जताई गई थी. स्थानीय स्तर पर यह बात भी सामने आ रही है कि घटना से पहले छात्र को लड़की के घर बुलाया गया था, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद छात्र के कथित तौर पर आत्महत्या करने की बात कहे जाने की चर्चा भी है. हालांकि, प्रेम प्रसंग, विवाद, मारपीट या आत्महत्या से जुड़ी इन बातों की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

हत्या या आत्महत्या? जांच के बाद साफ होगी तस्वीर

प्रिंस का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी. पुलिस के मुताबिक, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि छात्र की मौत हत्या है या आत्महत्या. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: गंगा एक्सप्रेसवे पर पानी भरने का निकला असली कारण, बिजली लाइन बचाने के लिए 3 मीटर नीचे कर दिया रैंप, अब डिजाइन पर उठे सवाल