समाचार · उत्तराखंड
Uttarakhand Weather: सुबह धूप, दोपहर बाद आंधी और झमाझम बारिश; उत्तराखंड में आज ओलावृष्टि का अलर्ट

Uttarakhand Weather: सुबह धूप, दोपहर बाद आंधी-बारिश और शाम के समय ठंडी हवाएं। राजधानी देहरादून में मौसम का बदलता मिजाज अब लोगों को ठंड का अहसास कराने लगा है। रविवार को प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। हरिद्वार के लक्सर में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी गरज चमक के साथ कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हो सकती है। 13 और 14 अक्तूबर को मौसम सामान्य रहेगा।बारिश के बाद पहाड़ों में तापमान पांच डिग्री तक लुढ़क गया है, जबकि मैदानी इलाकों में दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मसूरी में बारिश के साथ ठिठुरन बढ़ गई है। इधर, मौसम विभाग ने 14 अक्तूबर तक पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं कहीं बारिश की संभावना जताई है। इस बीच कुछ इलाकों में गरज-चमक और ओलावृष्टि की आशंका भी है।दून में दो डिग्री गिरा अधिकतम तापमानमौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा।मसूरी में दोपहर के समय छाया कोहरामसूरी में रविवार को दोपहर बाद कोहरा छा गया। दो दिन से रुक-रुक कर हो रही बारिश से ठंड बढ़ गई। सुबह हल्की धूप खिली, मगर दोपहर बाद आसमान में बादल छाए। शाम करीब पांच बजे बारिश शुरू होने के बाद तापमान लुढ़का। शाम तक अधिकतम पारा 16 एवं न्यूनतम 11 डिग्री दर्ज किया गया। ठंड बढ़ने के साथ लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। लोगों की चहल-पहल कम दिखी।लक्सर में सर्वाधिक वर्षामौसम विभाग के अनुसार, रविवार को लक्सर में सर्वाधिक 26.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। खानपुर में 25, यमकेश्वर में 16.5, हरिद्वार में 15, धनोल्टी क्षेत्र में 14.5, लैंसडौन में 13.5, आशारोड़ी में 9.5 और जौलीग्रांट में 7.5 मिलीमीटर बारिश हुई।पहाड़ों में आज भी बारिश के आसारदेहरादून। प्रदेशभर में 14 अक्तूबर तक पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है। देहरादून के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 अक्तूबर को गरज-चमक की संभावना है। 13 और 14 अक्तूबर को मुख्यतः आसमान साफ रहने के संकेत हैं।