Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

पलामू में टेंपो और बाइक की टक्कर, शीशे में फंसी युवक की गर्दन; मौके पर मौत

INT News12 October 2026 at 11:27 am

मोहम्मदगंज (पलामू): पलामू जिले के मोहम्मदगंज मुख्य पथ पर भजनिया गांव के समीप सोमवार सुबह करीब नौ बजे बाइक और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में बाइक सवार रोहित कुमार (20 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित की गर्दन टेंपो के सामने के शीशे में फंस गयी. शीशे की धार से गर्दन कट जाने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल के बीच इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है.

दुर्गापूजा पंडाल से निकलकर जा रहा था युवक

मृतक रोहित कुमार का पैतृक गांव हैदरनगर थाना क्षेत्र का सिंघना गांव है. उसके परिजन लंबे समय से मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के रामनगर टोला में रहते हैं. रोहित अपने ननिहाल में रहकर काम करता था. वह मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन परिसर स्थित टेंपो स्टैंड में खड़े वाहनों से राजस्व वसूली का काम करता था. बताया जाता है कि घटना से पहले रोहित मोहम्मदगंज के एक दुर्गापूजा पंडाल से दोस्तों से मिलकर निकला था. इसी दौरान भजनिया गांव के पास सामने से आ रहे टेंपो से उसकी बाइक की टक्कर हो गयी. हादसे में उसकी जान चली गयी.

ये भी पढ़ें: दोस्तों के साथ मना रहा था जन्मदिन, तभी चापड़ लेकर पहुंचा युवक और कर दिया हमला!

परिवार का इकलौता कमाऊ पुरुष सदस्य था रोहित

रोहित के पिता उदेश राम हैदराबाद में मजदूरी करते हैं. रोहित भी मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था. वह परिवार का इकलौता कमाऊ पुरुष सदस्य था. उसकी मां भी पति के साथ हैदराबाद में रहती है. रोहित की दो बहनें अविवाहित हैं. भाई की मौत की खबर सुनकर एक बहन की हालत बिगड़ गयी. दोनों बहनें परिजनों की देखरेख में अपने पैतृक गांव सिंघना पहुंचीं. रोहित की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक व टेंपो को जब्त कर मोहम्मदगंज थाना परिसर में रखवा दिया. मृतक के शव का पोस्टमार्टम हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया. पुलिस दुर्घटना के कारणों की छानबीन कर रही है.

ये भी पढ़ें: लातेहार में एक साथ रामायण पाठ कर रहीं 331 महिलाएं, एक परिधान में दिखा भक्ति का अनोखा नजारा

दो महीने में कई हादसों से बढ़ी चिंता

मोहम्मदगंज मुख्य पथ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं और मौतें प्रशासन के साथ-साथ ग्रामीणों के लिए भी चिंता का विषय बन गयी हैं. पिछले दो महीनों के दौरान सबनवा से भीम चूल्हा के बीच कई सड़क हादसे हो चुके हैं. इन दुर्घटनाओं में करीब आधा दर्जन लोगों की मौत होने और कई लोगों के घायल होने की बात सामने आयी है. लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोग परेशान हैं. रोहित की मौत ने एक बार फिर इस मार्ग पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने की जरूरत को उजागर कर दिया है.