समाचार · मध्य प्रदेश
किसानों को बढ़ा हुआ बिजली बिल देने का आरोप:रतागढ़ के किसान नेपानगर दफ्तर पहुंचे, सहायक यंत्री बोले- लोड के अनुसार बिल
बुरहानपुर के नेपानगर क्षेत्र के ग्राम रतागढ़ के किसानों ने बिजली कंपनी पर बढ़े हुए बिल भेजने का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि खेत में 10 हॉर्स पावर की मोटर होने के बावजूद 12.5 से 15 हॉर्स पावर तक का बिल दिया जा रहा है। सोमवार शाम कई किसान बिजली कंपनी के नेपानगर कार्यालय पहुंचे और सहायक यंत्री आरके पाटील को आवेदन देकर शिकायत की। किसानों के मुताबिक, छह महीने पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। छह हजार का बिल अब 20 हजार रुपए तक पहुंचा किसान डिगंबर काटे ने कहा कि कई साल से खेत में 10 हॉर्स पावर की मोटर होने पर इसी क्षमता के अनुसार बिल आता था, लेकिन अब 15 हॉर्स पावर का बिल भेजा जा रहा है। कुछ किसानों को 12.5 हॉर्स पावर के हिसाब से बिल दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले छह महीने का बिल करीब 6 हजार रुपए आता था, जो अब बढ़कर 20 हजार रुपए तक पहुंच गया है। डिगंबर काटे ने कहा कि किसान पहले ही प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान के कारण परेशान हैं। मुआवजा मिला, लेकिन वह पर्याप्त नहीं है। ऐसे में बढ़े हुए बिजली बिलों से उनकी परेशानी और बढ़ गई है। किसानों की मांग है कि पहले खेतों में लगी मोटरों की जांच की जाए और उसके बाद ही बिल जारी किए जाएं। बिल नहीं भरा तो ट्रांसफार्मर भी नहीं मिला किसान राजू रामचंद्र ने बताया कि उनके खेत का ट्रांसफार्मर जल गया है, लेकिन नया ट्रांसफार्मर नहीं दिया जा रहा। बिजली कंपनी की ओर से बिल भरने के बाद ही ट्रांसफार्मर देने की बात कही जा रही है। राजू के मुताबिक, बढ़े हुए बिल के कारण उन्हें डिफॉल्टर की श्रेणी में शामिल कर लिया गया है। बिजली लाइन छह-सात दिन से बंद है और फसल सूख रही है। किसानों ने एकमत होकर कहा कि वे बढ़े हुए बिल जमा नहीं करेंगे। उनका कहना है कि पहले मोटरों की वास्तविक क्षमता की जांच कर बिलों में सुधार किया जाए। बिजली कंपनी बोली- जांच के बाद पोर्टल पर दर्ज किया लोड नेपानगर बिजली कंपनी के सहायक यंत्री आरके पाटील ने बताया कि किसानों से आवेदन मिलने के बाद मोटरों का लोड चेक कराया गया था। वरिष्ठ कार्यालय के निर्देश पर जांच के दौरान जहां जितना लोड मिला, उसी के अनुसार रिकॉर्ड पोर्टल पर दर्ज किया गया। जिन किसानों के यहां कम लोड मिला, उनका लोड कम किया गया है। उन्होंने बताया कि एक किसान का बिल बकाया होने के कारण उसे ट्रांसफार्मर नहीं मिल पा रहा है।